मुंबई में क्रिकेटर की चाकुओं से गोदकर हत्या, शक के घेरे में महिला मित्र
क्रिकेटर अपनी एक महिला मित्र के साथ कहीं जा रहा था कि तभी तीन लोगों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लिया है।
नई दिल्ली। क्रिकेट के महाकुंभ विश्व कप 2019 के बीच देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुंबई में एक स्थानीय क्रिकेटर की बीती रात चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई है। क्रिकेटर का नाम राकेश पंवार बताया जा रहा है, जो मुंबई के भांडुप इलाके का रहने वाला है। बीती रात राकेश पंवार अपनी एक महिला मित्र के साथ बाइक से कहीं जा रहा था, कि तभी तीन अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोका और राकेश के ऊपर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल हुए राकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने राकेश की महिला मित्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्रिकेटर को रोका और किए ताबड़तोड़ वार
जानकारी के मुताबिक, राकेश पंवार मुंबई के भांडुप इलाके में रहते हैं और जिला स्तर पर कई क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा राकेश क्रिकेट की कोचिंग भी देते हैं। बीती रात वो अपनी एक महिला मित्र के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एलबीएस रोड पर पेट्रोल पंप के सामने कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। राकेश कुछ समझ पाते, इससे पहले ही इन लोगों ने उसके ऊपर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में राकेश बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हमलावरों की संख्या तीन बताई जा रही है।

पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लिया
मौके पर पहुंची पुलिस ने राकेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस इस मामले में क्रिकेटर की महिला मित्र की भूमिका को भी संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए राकेश की महिला मित्र को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि यह आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि वो इस मामले में सबूत जुटा रही है और बहुत जल्द कातिलों तक पहुंच जाएगी।

पिछले दिनों फ्लैेट में मिला था क्रिकेटर का शव
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भी मुंबई में एक क्रिकेटर की मौत का मामला सामने आया था। दरअसल मुंबई के विरार इलाके में एक युवा क्रिकेटर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। क्रिकेटर के साथ उसकी मां का शव भी फ्लैट से बरामद किया गया। क्रिकेटर का नाम विनोद चौगुले (25) और उनकी मां का नाम सरस्वती चौगुले (42) था। विनोद एक बेहतरीन ऑल-राउंडर क्रिकेटर था और सैबा क्रिकेट एकेडमी से खेलता था। इसके अलावा वसई-विरार इलाके के कई दूसरे क्रिकेट क्लब भी स्थानीय टूर्नामेंटों में उसे अपनी तरफ से खेलने के लिए बुलाते थे। पुलिस को मौकै से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला था। पुलिस का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वह इस मामले में कुछ कह पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications