'कांग्रेस में जितनी सांप्रदायिकता है..': कौन हैं MLA जीशान सिद्दीकी? अपनी ही पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप
Mumbai Congress MLA Zeeshan Siddique Criticising own party for communalism: मुंबई की वांद्रे ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस एमएलए जीशाल सिद्दीकी ने अपनी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के भीतर मुसलमानों के साथ जितना भेदभाव होता है, उतना कहीं नहीं होता। उन्होंने दावा किया है कि मुस्लिम होने की वजह से पार्टी में उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा है।

कांग्रेस में जितनी सांप्रदायिकता है, वह कहीं नहीं- जीशान सिद्दीकी
जीशान सिद्दीकी ने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी में अल्पसंख्यकों के साथ बहुत ही ज्यादा ज्यादती की जाती है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी हमेशा कहती है कि हम मुस्लिमों के साथ हैं। आप डेटा निकाल के देख सकते हो कि.... कोई मुस्लिम कांग्रेस पीसीसी का प्रेसिडेंट बना है क्या?'
उन्होंने कहा, 'आप बात करते हो मुसलमानों की मुसलमानों की रक्षा करते हैं....जितना कम्युनलिज्म कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी है, जितना कम्युनलिज्म इंडियन यूथ कांग्रेस में हैं, वह कहीं नहीं है....' (जीशान सिद्दीकी के आरोपों वाला वीडियो इस खबर के अंत में है)
कौन हैं जीशान सिद्दीकी?
जीशान सिद्दीकी महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और मुंबई में कांग्रेस पार्टी के चर्चित चेहरा रह चुके बाबा सिद्दीकी के बेटे हैं। बाबा सिद्दीकी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने 48 साल कांग्रेस में रहने के बाद पार्टी छोड़ने का फैसला किया था।
2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीशान मुंबई कि वांद्रे ईस्ट से चुनाव जीते थे। वह महाराष्ट्र के सबसे युवा विधायक हैं। वहां उन्होंने शिवसेना नेता और पूर्व मेयर विश्वनाथ महादेश्वर को हराया था।
कांग्रेस में रहेंगे, लेकिन विकल्प खुला रखेंगे
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उन्हें गुरुवार को ही मुंबई युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। हालांकि, पार्टी के खिलाफ भड़ास निकालने के बाद जीशान सि्ददीकी ने कहा है कि वह फिलहाल कांग्रेस पार्टी में बने रहेंगे, लेकिन उनका विकल्प खुला रहेगा।
हो सकता है कि सदस्यता जाने के डर से वह अपने पिता की तरह एनसीपी या किसी अन्य पार्टी का हाथ अभी नहीं पकड़ रहे हैं। लेकिन, जिस तरह से उन्होंने कांग्रेस की नीतियों की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की है, उसके बाद देखने वाली बात होगी कि क्या पार्टी किसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई का सहारा लेती है।
महाराष्ट्र कांग्रेस में मची हुई है भगदड़!
पिछले करीब एक महीने के अंदर जीशान सिद्दीकी कांग्रेस के चौथे ऐसे बड़े नेता हैं, जिनका पार्टी से मोहभंग हुआ है। उनके पिता बाबा सिद्दीकी से भी पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा कांग्रेस छोड़कर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामल हो चुके हैं।
उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के सबसे बड़े जनाधार वाले नेता अशोक चव्हाण भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। चव्हाण और देवड़ा को तो अपनी-अपनी पार्टियों की तरफ से राज्यसभा में भी भेजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications