Coronavirus: मुंबई के धारावी में एक और केस आया सामने, 35 साल का डॉक्टर कोरोना से संक्रमित
मुंबई। मुंबई में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में कोरोना वायरस का तीसरा केस सामने आया है। धारावी में 35 साल के एक डॉक्टर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। इसके पहले धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है जबकि गुरुवार को बीएमसी का एक सफाई कर्मचारी भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। इस तरह धारावी में अभी तक कोरोना वायरस के तीन मामले सामने आ चुके हैं।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, संक्रमित डॉक्टर के परिवार के सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। आज इन सभी लोगों का टेस्ट किया जाएगा। बीएमसी डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, जिस बिल्डिंंग में डॉक्टर का परिवार रहता है, उसे सील कर दिया गया है।
मुंबई के घनी आबादी वाले इलाके धारावी में कोरोना वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि हुई है। BMC का एक 52 वर्षीय सफाई कर्मचारी कोरोना वायरस पॉजिटिव मिला है, वह वर्ली इलाके में रहता है लेकिन उसकी पोस्टिंग धारावी में थी। सफाई कर्मचारी के परिवार के सदस्यों और 23 सहयोगियों को क्वारंटाइन होने को कहा गया है।
इसके पहले, धारावी में पहला केस सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था, जब शाहू नगर में एक 56-वर्षीय व्यक्ति का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद मरीज को सायन अस्पताल में शिफ्ट किया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार के अन्य 7 सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है। जिस बिल्डिंग में वे रहते हैं, उसे सील कर दिया गया। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 400 के पार जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications