Mulayam Singh Yadav के निधन पर पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दुख
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) ने 82 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी उनके बेटे अखिलेश यादव ने दी। मुलायम सिंह यादव पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। मुलायम सिंह यादव को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी, उन्हें आईसीयू में रखा गया था और जीवन रक्षक दवाओं का सेवन कर रहे थे। मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव के साथ बिताए गए पलों को साझा करते हुए उन्हें याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा, मुलायम सिंह यादव जबरदस्त व्यक्तित्व थे, उन्हें जमीनी नेता के तौर पर लोग पसंद करते थे, वह जनसमस्याओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे। उन्होंने लोगों की सतत सेवा की और पूरा जीवन लोकनायक डॉक्टर जेपी और डॉक्टर लोहिया के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने में समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यूपी के साथ देश की राजनीति में खुद की अलग पहचान बनाई। आपातकाल के दौरान वह देश के लोकतंत्र के अग्रणी सैनिक रहे। बतौर रक्षा मंत्री उन्होंने देश को मजबूत करने का काम किया। संसद में उनका हस्तक्षेप काफी गंभीर और राष्ट्रहित में रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर कई तस्वीरों को साझा किया। पीएम ने ट्वीट करके लिखा, मुलायम सिंह यादव से मेरी कई बार मुलाकात हुई, जब हम अलग-अलग राज्य के मुख्यमंत्री थे। उनके साथ करीबी रिश्ता हमेशा बना रहा, मैं हमेशा उनकी राय का सम्मान करता था। उनके साथ करीबी रिश्ता हमेशा बना रहा। उनके निधन से बेहद दुखी हूं, उनके परिवार वालों और लाखो प्रशंसको के प्रति मेरी संवेदना है।
राष्ट्रपति ने बताया अपूर्णनीय क्षति
श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। 'धरती पुत्र' मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!
मायावती ने जाहिर किया दुख
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मुलायम सिंह के निधन पर दुख जाहिर करते हुए कहा, समाजवादी पार्टी के व्योवृद्ध नेता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के आज निधन हो जाने की ख़बर अति-दुःखद। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।
मनोहर लाल खट्टर ने दी श्रद्धांजलि
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिखा, समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति!!
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जाहिर किया दुख
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुलायम सिंह के निधन पर दुख जाहिर करते हुए लिखा, राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताज़ा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। श्री मुलायम सिंह यादव जी ज़मीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।
अमित शाह ने जताया दुख
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुलायम सिंह के निधन पर दुख जाहिर करते हुए कहा, मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति












Click it and Unblock the Notifications