मुलायम ने मोदी को ललकारा कहा, हिम्मत है तो आकर बहस करें

मुलायम ने मोदी को ललकारते हुए कहा कि मोदी में हिम्मत है तो वह आमने सामने आकर बहस करें और झूठ न बोलें। हमारे खिलाफ बसपा और भाजपा के लोग साजिश कर रहे हैं। मोदी भ्रष्टाचार की बात करते हैं, जबकि हमें सीबीआई ने क्लीन चिट दे दी है। मुलायम का कहना है कि मोदी रैली में आई भीड़ से तुलना करते हैं लेकिन उनसे ज्यादा समर्थन तो हमें मिलता है, जब उन्हें यह पता चला तो वह चुप हो गये।
मुलायम सिंह मेरठ रैली में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य सरकार पर उठाये गये सवालों का जवाब दे रहे थे। मुलायम ने कहा कि वो दंगों की बात करते हैं लेकिन ये कैसे भूल गये कि उन्हीं के मुख्यमंत्री रहते हुए 2002 के गुजरात दंगों में कितने मुसलमान मारे गये थे? हमने मुजफ्फरनगर दंगा पीडि़तों की सहायता करने में कोई भेद भाव नहीं किया। मुलायम का कहना है कि सपा सरकार समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है। जबकि भाजपा सांप्रदायिकता को बढ़ावा देती है।
इसके पहले सपा की 'देश बचाओ' रैली में मुलायम ने मोदी की निंदा की थी और कहा था कि मोदी की हैसियत क्या है वो है कौन? भाजपा के पास प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के लिए क्या और कोई व्यक्ति नहीं था? मोदी के हाथ खून से रंगे हुए हैं। जिसका जवाब देते हुए मोदी ने गोरखपुर रैली में कहा था कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) यूपी को गुजरात बनाने की हैसियत आपमें नहीं है। गुजरात का मतलब होता है हर घर में बिजली, गुजरात का मतलब होता है कृषि विकास दर दस हो ये नहीं कि तीन चार प्रतिशत में ही आप लुढ़क जाओ। मोदी ने मुलायम पर तंज कसते हुए कहा था कि नेताजी यूपी को गुजरात बनाने के लिए छप्पन इंच का सीना चाहिए लेकिन इतनी हैसियत आपमें नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications