MP: कमलनाथ के इस्तीफा देते ही निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल ने मारी पलटी, BJP से की बात
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने मध्य प्रदेश विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के लिए जाने से पहले ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे का ऐलान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया और उसके बाद राज्यपाल लालजी टंडन को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। कमलनाथ के इस्तीफे के बाद एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी के खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है वहीं दूसरी ओर कमलनाथ के समर्थक और मंत्री हैरान हैं। इनमें से ही एक मंत्री और निर्दलीय विधायक प्रदीप जैसवाल का कमलनाथ के इस्तीफे पर बड़ा बयान आया है।

शुक्रवार को जैसे ही कमलनाथ ने अपने इस्तीफे की बात कही उसके बाद से ही राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई। सभी यह कयास लगा रहे थे कि कमलनाथ आज होने वाले फ्लोर टेस्ट को लेकर कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इस्तीफे की खबर के बाद ही मध्य प्रदेश के निर्दलीय विधायक प्रदीप जैसवाल भी कमलनाथ का साथ छोड़ दिया है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक कमलनाथ हैं हम उनका समर्थन करते रहेंगे लेकिन अपने क्षेत्र के विकास के लिए नई सरकार के साथ रहना होगा। प्रदीप जायसवाल ने आगे कहा कि एक निर्दलीय विधायक होने के नाते, अब मेरे पास अपने लोगों के विकास के लिए जो नया सरकार बनेगी, उसका समर्थन करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। मैंने उनसे (भाजपा) बात की है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया ये ट्वीट
बता दें कि कमलनाथ और कांग्रेस का साथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर कमलनाथ के इस्तीफे को जनता की जीत बताया है। उन्होंने लिखा, 'मध्य प्रदेश में आज जनता की जीत हुई है। मेरा सदैव ये मानना रहा है कि राजनीति जनसेवा का माध्यम होना चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार इस रास्ते से भटक गई थी। सच्चाई की फिर विजय हुई है। सत्यमेवजयते।' वहीं, कमलनाथ ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बीजेपी पहले दिन से ही षड्यंत्र कर रही है। प्रदेश के साथ धोखा करने वाली बीजेपी को जनता माफ नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें: MP: फ्लोर टेस्ट से पहले कमलनाथ का इस्तीफा, बोले मेरा क्या कसूर था?












Click it and Unblock the Notifications