सिंगापुर से दिल्ली लाया गया अमर सिंह का पार्थिव शरीर, सोमवार को होगा अंतिम संस्कार
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के पूर्व दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह का शनिवार को निधन हो गया। अमर सिंह लंबे समय से सिंगापुर के एक अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे। रविवार को उनका पार्थिव शरीर सिंगापुर से दिल्ली लाया गया। जिसे उनके छतरपुर स्थित घर में रखा गया है, जहां पर तमाम नेताओं ने पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अमर सिंह लंबे वक्त से किडनी से संबंधित बीमारी से लड़ रहे थे। शनिवार को सिंगापुर में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद रविवार को उनके पार्थिव शरीर को छतरपुर स्थित घर पर लाया गया, जहां पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह समेत कई नेता पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों के मुताबिक सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पीएम मोदी ने भी जताया था दुख
पीएम नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा कि अमर सिंह जी एक ऊर्जावान सार्वजनिक व्यक्ति थे। वह जीवन के कई क्षेत्रों में अपनी दोस्ती के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके दोस्तों और परिवार के प्रति संवेदना। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी। स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें।












Click it and Unblock the Notifications