Morbi Bridge collapse: मीडिया पर बरसी RJD, बोली- सोचिए अगर यह हादसा गैर भाजपा शासित राज्य में हुआ होता
Morbi Bridge collapse: गुजरात के मोरबी में जिस तरह से केबल ब्रिज टूटने से सैकड़ों लोगों की मौत हो गई उसके बाद गुजरात की भाजपा सरकार पर विपक्ष हमलावर है। राष्ट्रीय जनता दल ने मोरबी हादसे पर भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। राजद की ओर से ट्विटर पर ट्वीट करके लिखा, गुजरात में पुल गिरने से 140 निर्दोष लोगों की हत्या हो गयी लेकिन भ्रष्टाचार और मौतों पर गोदी मीडिया में सन्नाटा है क्योंकि वहाँ 27 वर्षों से BJP सरकार है। गोदी मीडिया मोदी-शाह के गृह राज्य में कोई दोष और अवगुण तो देखेगी नहीं? कल्पना कीजिए अगर 140 मौतें गैर-भाजपा शासन में होती तो?

मीडिया पर बरसी राजद
राजद ने मोरबी हादसे में मृतकों को लेकर मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा, अगर 140 मौतें गैर-भाजपा शासन में होती तो अब तक मीडिया में तूफ़ान आ चुका होता?गोदी मीडिया उन राज्यों की सरकारों की ज़िम्मेवारी तय कर इस्तीफ़ा माँग रही होती। दो टके के विश्लेषक अपना फूहड़ ज्ञान बाँट रहे होते लेकिन चूँकि गुजरात में 27 सालों से BJP सरकार है इसलिए सब बिकाऊ लोग मौन है।
अधिक भीड़ के चलते हुआ हादसा
बता दें कि मोरबी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है। पीएम मोदी मंगलवार को मोरबी जाएंगे, जहां पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में अभी तक 130 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिज पर अधिक भीड़ होने की वजह से यह टूट गया था। इस हादसे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में थे। पीएम मोदी वडोदरा में टाटा-एयरबस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखने के लिए गए थे।
कई कार्यक्रम रद्द
सरदार पटेल की जयंती मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। गुजरात सरकार इस हादसे के बाद से ही राहत-बचाव के कार्य में लगी है। केंद्र सरकार ने भी राज्य सरकार की हर संभव मदद का ऐलान किया है। आज प्रधानमंत्री का एक कार्यक्रम होना था जहां वह पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले थे उसे रद्द कर दिया गया है। यही नहीं राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications