Monsoon Update: दिल्ली में दस्तक देने को तैयार मानसून, UP-राजस्थान में भी झमाझम बारिश का अलर्ट जारी
Monsoon Latest Update: उमस भरी गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के लिए अच्छी खबर है। मानसून ने रविवार को आधे से अधिक राज्यों में एंट्री कर ली है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून एक्टिव होने से झमाझम बारिश की शुरुआत हो चुकी है।
वहीं, दिल्ली, राजस्थान समेत कुछ राज्यों में अभी भी मानसून का इंतजार है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में जल्द ही बचे हुए राज्यों में मानसूनी बारिश होगी।

मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही दिल्ली एनसीआर समेत उत्तरी राज्यों में मानसून की झमाझम बारिश शुरू होगी। इसके लिए मानसूनी परिस्थितियां अनुकूल बनी रही हैं। इन राज्यों में प्री मानसून की बारिश का दौर जारी है, जिससे गर्मी में तो राहत मिली है, लेकिन उमस बढ़ने से लोगों को काफी परेशान हो रही है।
दिल्ली समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट (Delhi Monsoon Update)
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन दिल्ली और उसके आसपास इलाकों में मौसम सुहावना बना रह सकता है। दिल्ली में 26 जून तक बादल छाए रहेंगे, वहीं तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 तो न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
अगर बात करें राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार, झारखंड, गुजरात की तो तो प्री मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं तेज तो कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, राजस्थान व यूपी में कब देगा मानसून दस्तक?
IMD के अनुसार, बिहार, केरल, गोवा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम समेत आधे राज्यों में मानसून दस्तक दे चुका है। वहीं, बिहार, झारखंड, गुजरात के शेष हिस्सों, पूर्वी यूपी व राजस्थान में प्रवेश के लिए मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में 26 से 28 जून तक प्री मानसून की बारिश जारी रहेगी। 30 जून तक मानसून दिल्ली एनसीआर में प्रवेश कर सकता है। जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून दिल्ली, यूपी में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। वहीं, राजस्थान में भी मानसून की दस्तक 28 से 30 जून तक हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications