संघ परिवार से बोले मोहन भागवत- PM मोदी के खिलाफ एक शब्द भी न बोलें
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने संघ परिवार से अपील की है कि सार्वजनिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई बयान न दिया जाए। भागवत ने हाल ही में पीएम की ओर से गो रक्षकों को लेकर दिए गए बयान को आधार बनाकर यह बात कही।

यूपी के आगरा जिले में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के करीब 236 कार्यवाहकों को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि पीएम मोदी के बयान को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कुछ नेताओं ने ऐसे बयान दिए हैं जिससे न सिर्फ बीजेपी को आलोचना झेलनी पड़ी बल्कि यह मैसेज भी गया कि संघ परिवार में सब कुछ ठीक नहीं है।
आने वाले चुनावों में जीत को लेकर भी चर्चा
इस सभा में आरएसएस के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के अलावा वीएचपी और बीजेपी समेत संघ परिवार के 33 सहयोगी संगठनों के लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि भागवत ने इस दौरान यूपी और उत्तराखंड के चुनावों में बीजेपी की जीत को लेकर भी चर्चा की।
'भागवत ने की एकजुट होने की अपील'
ब्रज प्रांत के प्रचारक प्रदीप ने कहा, 'सरसंघचालक मोहन भागवत ने सभी को एकजुट होकर रहने के लिए कहा है। सभी संगठन स्वतंत्र रूप से काम करते हैं और उन्हें देश के विकास और निर्माण में सहयोग करना है।' उन्होंने कहा कि भागवत ने सभी से देश के लिए बिना स्वार्थ के काम करने के लिए कहा है।
चुनावी रणनीति पर जोर
उत्तराखंड से आए एक प्रचारक ने कहा कि बैठक में आने वाले चुनावों की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई कि जमीनी स्तर पर कैसे लोगों के भरोसे को संगठन के प्रति मजबूत किया जाए। साथ ही विवादों से दूर रहकर कैसे काम किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications