त्यागियों-तपस्वियों को याद किया नरेन्द्र मोदी ने
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के स्वाधीनता दिवस पर आज लाल किले से दिए गए अपने ओजस्वी भाषण में महापुरुषों,त्यागियों और स्वाधीनता सेनानिय़ों का भरपूर जिक्र किया। मोदी ने महात्मा गौतम बुद्ध, महर्षि अरविंद और विवेकानंद का जिक्र किया तो उन्होंने महात्मा गांधी का भी खास तौर पर उल्लेख किया।

उन्होंने गांधी जी की 150वीं जयंती को भव्य तरीके से मनाने के सरकार के इरादे को भी देश की जनता को बताया। वे सरदार पटेल और लाल बहादुर शास्त्री को भी नहीं भूले। उन्होंने हर भारतीय के दिल में बसने वाले शहीद भगत सिंह को भी याद किया। शास्त्री जी के अमर नारे जय जवान-जय किसान का भी मोदी ने स्मरण किया। इसी क्रम में उन्होंने लोकनायक जय
प्रकाश नारायण को भी याद किया। मोदी जब इन महापुरुषों का उल्लेख करते तब जबरदस्त तालियां बजतीं।
लाल किले से दिए जाने वाले प्रधानमंत्रियों के भाषणों को लंबे समय से सुन रहे समाज सेवी पवन धीर ने कहा कि उन्हें याद नहीं आता कि पहले कभी किसी प्रधानमंत्री ने अपने 15 अगस्त के भाषण में इतने महापुरुषों को याद किया हो। उन्होंने कहा कि मोदी ने जहां डिजिटल इंडिया और विदेशी निवेशकों से मेड इट इन इंडिया का आहवान किया, वहीं वे देश की संस्कृति और समाज पर भी बोले।
महत्वपूर्ण है कि मोदी अपनी चुनावी सभाओं में भी देश के महापुरुषों का बार-बार उल्लेख किया करते थे। हालांकि एक राय यह भी थी कि वे तमाम महापुरुषों का जिक्र करते हुए पंडित नेहरु को भी याद कर सकते थे। क्योंकि नेहरु को किसी पार्टी से जोड़कर नहीं देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications