Modi Cabinet reshuffle: नीतीश कुमार की JDU कर रही है 4 मंत्री पदों की मांग- सूत्र
नई दिल्ली, 6 जुलाई: केंद्र में नरेंद्र मोदी कैबिनेट विस्तार की खबरों के बीच बिहार में बीजेपी की सहयोगी जदयू ने केंद्र सरकार पर ज्यादा प्रतिनिधित्व देने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पार्टी मोदी कैबिनेट में कम से कम 4 मंत्रियों को शामिल करने की मांग कर रही है। हालांकि, खुद नीतीश कुमार ने बहुत ही चतुराई से इस चर्चे को यह कहकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की ओर मोड़ दिया है कि इसपर उन्हें ही फैसला लेने की जिम्मेदारी दी गई है। आरसीपी सिंह इस समय दिल्ली में कैंप कर रहे हैं और इस मसलने पर उनकी बातचीत की प्रक्रिया में शामिल होने की खबरें हैं।

जेडीयू को मोदी सरकार में चाहिए 4 मंत्री- सूत्र
बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने मोदी कैबिनेट के विस्तार के बारे में कहा है, 'मुझे किसी फॉर्मूले के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसके लिए अधिकृत किया गया है। वही अधिकृत व्यक्ति हैं। जो कुछ भी विचार-विमर्श के जरिए करना है, उसी के अनुसार किया जाएगा।' लेकिन, नीतीश कुमार ने जो बात नहीं कहनी चाही है, शायद उनकी पार्टी ने उसकी ओर इशारा कर दिया है। पार्टी सूत्रों ने कहा है कि वह 2019 के अपने फॉर्मूले पर कायम हैं। यानी सरकार में भाजपा के सहयोगी को उतना ही मंत्री पद मिले, जो लोकसभा में उसकी सदस्य संख्या के अनुपात में हो। पार्टी के एक सूत्र ने कहा है, 'बीजेपी के 17 सांसद हैं (बिहार में लोकसभा से), इस हिसाब से उसके पांच मंत्री होने चाहिए। हमारे 16 सांसद हैं, इसलिए चार को मंत्री बनाया जाना चाहिए।'

सरकार में शामिल होगी जेडीयू- उमेश कुशवाहा
गौरतलब है कि 2019 में इसी वजह से जेडीयू एक या दो मंत्री पद के लिए तैयार नहीं हुई थी, इसीलिए मोदी सरकार में उसका प्रतिनिधित्व नहीं है। इसबार चर्चा है कि नीतीश की पार्टी सरकार में शामिल होना चाहती है और आरसीपी सिंह के दिल्ली आने से इस चर्चा को और बल मिल गया है। खुद जदयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कह दिया है कि उनकी पार्टी सरकार में शामिल होगी, लेकिन मंत्री का नाम नीतीश और आरसीपी सिंह ही फाइनल करेंगे।

जदयू से ये नेता बन सकते हैं मंत्री
इस समय जेडीयू सूत्रों की ओर से मोदी सरकार में पार्टी की ओर से मंत्री बनाए जाने के लिए जिन चार-पांच नामों की चर्चा हो रही है, उनमें खुद आरसीपी सिंह का नाम भी शामिल है और वो इसके सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इनके अलावा नीतीश के बेहद करीबी राजीव रंजन ऊर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, संतोष कुशवाहा और चंद्रेश्वर चंद्रवंशी जैसे नाम भी शामिल हैं। हालांकि, जदयू सूत्रों का कहना है कि आरसीपी सिंह चर्चा के लिए दिल्ली आए हैं, न कि मंत्री बनने के लिए।

पासवान की जगह पारस बन सकते हैं मंत्री
असल में जेडीयू की ओर से जिन नेताओं के नाम मंत्री पद के लिए उछाले जा रहे हैं, वह नीतीश की राजनीति के हिसाब से हैं, जिनमें पिछड़े, अगड़े और ओबीसी समेत दलित नाम भी शामिल हैं। जेडीयू के अलावा एलजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस के मंत्री बनने की भी चर्चा जोरों पर है। सोशल मीडिया में तो उनके शपथग्रहण के लिए नई ड्रेस खरीदने के चर्चे भी खूब हो रहे हैं। वहीं, बीजेपी के अपने कोटे से बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।












Click it and Unblock the Notifications