Modi Cabinet 2024: महाराष्ट्र से इन तीन सांसदों को भी मोदी कैबिनेट में मिली जगह
Modi new Cabinet Ministers list: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में उनकी मंत्रिपरिषद में महाराष्ट्र से भी कुछ नए चेहरे देखने को मिले हैं। इनमें कुछ पुराने चेहरे भी हैं।
महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुवाई वाले महायुति या एनडीए गठबंधन का प्रदर्शन इस बार 2019 के मुकाबले काफी खराब रहा है और इसका असर पीएम मोदी के नए मंत्रिपरिषद में भी देखने को मिला है। राज्य की 48 सीटों में महायुति को सिर्फ 17 सीटें मिली हैं।

रावेर से बीजेपी सांसद रक्षा खडसे राज्यमंत्री बनीं
इस लिस्ट में बीजेपी की तीसरी बार की सांसद रक्षा खडसे का नाम भी है, जो उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले की रावेर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंची हैं। इनके अलावा शिवसेना के सांसद प्रतापराव जाधव और पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरपीआई नेता रामदास अठावले का नाम भी शामिल है।
37 वर्षीय रक्षा खडसे एनसीपी के दिग्गज नेता एकनाथ खडसे की बहू हैं। बीजेपी इस बार नॉर्थ महाराष्ट्र की 6 में से सिर्फ 2 ही सीटें जीत सकी है। 2019 में पार्टी को इस क्षेत्र में 5 सीटें मिली थीं। रक्षा खडसे ओबीसी हैं। महाराष्ट्र में इस बार बीजेपी का प्रदर्शन काफी फीका रहा है और उस लिहाज से रक्षा को 2,72,183 वोटों से मिली जीत ने उनके राज्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के श्रीराम दयाराम पाटिल को हराया है।
शिवसेना के बुलढाणा से सांसद प्रतापराव जाधव राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
इसी तरह से 64 वर्षीय प्रतापराव जाधव चौथी बार सांसद चुने गए हैं। शिवसेना नेता बुलढाणा से सांसद चुने गए हैं और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी से वह सबसे वरिष्ठ सांसद हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) के नरेंद्र खोडेकर को 29,479 वोटों से हराया है।
2009 में पहली बार सांसद चुने जाने से पहले जाधव मेहकर विधानसभा सीट से 1995 से लगातार तीन बार एमएलए रह चुके थे। 1997 से 1999 के दौरान शिवसेना-बीजेपी की मनोहर जोशी सरकार में वे खेल और सिंचाई राज्यमंत्री रह चुके हैं। जाधव एक दिग्गज मराठा नेता हैं और विदर्भ क्षेत्र में मराठा संगठनों पर इनकी अच्छी पकड़ है।
बता दें कि महाराष्ट्र में एनडीए की हार की वजह मराठा आरक्षण मुद्दे पर इस समुदाय की नाराजगी भी मानी जा रही है। माना जा रहा है कि जाधव को मोदी कैबिनेट में शामिल करने के बाद वह आंदोलनकारियों के साथ बातचीत में मददगार साबित हो सकते हैं।
आरपीआई के रामदास अठावले भी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
वहीं आरपीआई नेता रामदास अठावले को भी इस बार मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है। 65 वर्षीय अठावले राज्यसभा सांसद हैं और मोदी के दूसरे कार्यकाल में वे सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री का कार्यभार संभाल रहे थे।
अठावले 2014 में केंद्र में मोदी की पहली सरकार बनने के बाद एनडीए का हिस्सा बने थे और उन्हें 2016 में मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिली थी। इस बार के लोकसभा चुनाव में आरपीआई एक भी सीट पर नहीं लड़ी, लेकिन दलित मतदाताओं में उनकी पकड़ की वजह से उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
इस लोकसभा चुनाव में जिस तरह से एनडीए के दलित वोट बैंक में इंडिया ब्लॉक ने सेंध लगाई है, उसको देखते हुए अठावले के प्रमोशन को समझा जा सकता है। इस साल अक्टूबर में ही महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव होने हैं।












Click it and Unblock the Notifications