'भारत बंद' के दिन डॉक्टरों का भी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन, सरकार के इस फैसले से हैं नाराज
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा आयुर्वेद डॉक्टरों को सर्जरी की अनुमति देने के फैसले के खिलाफ कल यानी 8 दिसंबर को देशभर के इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। आइएमए ने एक नोट जारी करते हुए बताया कि देश भर में आधुनिक चिकित्सा डॉक्टर 10,000 से अधिक सार्वजनिक स्थलों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान ओपीडी की सेवाएं बंद रहेंगी लेकिन सभी आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह ही कार्य करेंगी। बता दें कि केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने हाल ही में आयुर्वेद चिकित्सकों को सर्जरी करने की इजाजत दी है।

केंद्र सरकार के इस फैसले को लेकर देशभर के आधुनिक चिकित्सकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है। सरकार के इस फैसले के खिलाफ अपना विरोध व्यक्त करने के लिए आइएमए ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। सोमवार को बुलाई गई आइएमए की कार्यकारिणी बैठक में आइएमए के अध्यक्ष डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन चाहता है कि हर विद्या स्वतंत्र रूप से अपना विकास करे। हालांकि किसी भी पैथी में महारत हासिल किए बिना मरीज की जिंदगी को दांव पर नहीं लगाया जा सकता। सरकार का यह फैसला अनुचित है, इसी क्रम में आइएमए आठ दिसम्बर को राष्ट्रव्यापी धरना करेगा।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को आइएमए के सदस्य 20-20 के ग्रुप में धरना प्रदर्शन करेंगे। विरोध प्रदर्शन को तेज करते हुए 11 दिसंबर को सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक आइएमए के सभी डॉक्टर्स अपनी नॉन कोविड और नॉन इमरजेंसी कार्यों का बहिष्कार करेंगे। हालांकि सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी और वैकल्पिक सर्जरी पोस्ट नहीं की जाएगी लेकिन ओपीडी सेवाओं को बंद रखा जाएगा। बता दें कि 8 दिसंबर को ही कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें: गुजरात में कोरोना जांच कराने के लिए अब डॉक्टर के पर्चे की जरूरत नहीं












Click it and Unblock the Notifications