बिना नंबर की गाड़ी चला रहे भाजपा विधायक के बेटे से मांगे पेपर तो पुलिस अधिकारी को जड़ दिया थप्पड़
नई दिल्ली। वीवीआई होने का दंभ किस कदर सिर पर हावी हो सकता है इसका अंदाजा उत्तर प्रदेश की इस खबर से लगता है। यूपी के झांसी शहर में भाजपा विधायक के बेटे से जब ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी के कागज मांगे तो विधायक के बेटे ने पुलिस वाले को थप्पड़ जड़ दिया। जानकारी के अनुसार भाजपा विधायक के बेटे राहुल राजपूत ने पुलिस अधिकारी को तमाचा मारा है। यह मामला रविवार रात का है। झांसी के एसएसपी ओपी सिंह ने कहा कि हमने मामले की जांच का आदेश दे दिया है।

बिना नंबर की गाड़ी
घटना के बारे में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा विधायक जवाहर राजपूत के बेटे राहुल राजपूत को जब मोदी चौराहे पर रूटीन चेकिंग के दौरान रोका तो उसने पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। बता दें कि राहुल बिना नंबर की गाड़ी से जा रहा था, तभी पुलिस अधिकारी ने उसे रोक लिया और गाड़ी के कागज दिखाने को कहा, इसपर नाराज राहुल ने कहा कि मैं विधायक का बेटा हूं और मुझसे कागज मांगना भारी पड़ सकता है।
कागज मांगने पर भड़का विधायक का बेटा
लेकिन जब पुलिस अधिकारी ने बावजूद धमकी के गाड़ी का कागज मांगा तो राहुल ने पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद राहुल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पुलिस स्टेशन लाया गया । जब इस बात की जानकारी विधायक को मिली तो उसके समर्थक पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करने लगे। वहीं विधायक ने पुलिस अधिकारी के खिलाफ उनके बेटे का शोषण करने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के पास वीडियो फुटेज
वहीं इस घटना के बारे में एएसपी ने कहा कि वह विधायक की शिकायत की जांच कर रहे हैं। हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि आखिर क्यों विधायक के बेटे को गिरफ्तार किया गया। झांसी के डीएम शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि पुलिस के पास घटना का वीडियो फुटेज है, मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी












Click it and Unblock the Notifications