पंजाब: लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट पर गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट, राज्य में हाई अलर्ट
नई दिल्ली, 23 दिसंबर: पंजाब के लुधियाना में कोर्ट परिसर में हुए ब्लास्ट में 1 शख्स की मौत हुई है और 4 घायल हुए हैं। धमाके के बाद चंडीगढ़ से एनआईए की टीम लुधियाना रवाना हो गई है। पूरे पंजाब में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। ब्लास्ट के मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। डिप्टी सीएम रंधावा ने चंडीगढ़ में हाईलेवल मीटिंग बुलाई हैं। सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
Recommended Video

पंजाब के लुधियाना में बृहस्पतिवार को जिला अदालत परिसर में विस्फोट हुआ जिसमें 1 व्यक्ति की मौत की हो गयी है जबकि 4 लोगों के घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में विस्फोट हुआ। कोर्ट परिसर में हुए धमाके के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस घटना पर चिंता जताते हुए राज्य में कोर्टों की सुरक्षा बढ़ाने के लिये कहा है।
उधर गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से मामले की रिपोर्ट मांगी है। इस बीच एनआईए की टीम भी मामले की जांच के लिये लुधियाना पहुंच रही है। एनएसजी टीम के भी रवाना होने की सूचना है।पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि, हमारी फोरेंसिक टीम पहुंच गई है। लुधियाना हमारा एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए हम बाहरी ताकतों की संभावना सहित किसी भी चीज से इंकार नहीं कर सकते, क्योंकि वे कभी नहीं चाहते कि पंजाब स्थिर रहे; पूरा राज्य हाई अलर्ट पर है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विस्फोट की निंदा करते हुए कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने लुधियाना जाएंगे। उन्होंने कहा कि, जैसे-जैसे (विधानसभा) चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कुछ राष्ट्र विरोधी तथा राज्य विरोधी ताकतें इस तरह के घिनौने कृत्यों को अंजाम देने की कोशिश कर रही हैं....इसको लेकर सरकार सतर्क है और लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए। चन्नी ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications