पुलवामा हमले के गुनाहगारों को बचा रहा है पाक, हम दे चुके तमाम सबूत: विदेश मंत्रालय
पुलवामा आतंकी हमलों के गुनाहगारों को बचा रहा है पाक: विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली। भारत ने कहा है कि कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले को अंजाम देने वाले पाकिस्तान में बैठे हैं और पाक इनको बचाने का काम कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में कहा कि पुलवामा हमले की डेढ़ साल तक जांच के बाद चार्जशीट दायर की गई। इसमें आतंकियों से चेहरे से नकाब हटा है। उन्होंने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसके सरगना पाकिस्तान में हैं और पाक उन्हें बचा रहा है। यह अफसोसजनक है कि मसूद अजहर को भी पाक में पनाह मिलती रही और दूसरे आतंकियों को भी। हमने पाक के साथ लगातार सबूतों को साझा किया लेकिन पाकिस्तान जिम्मेदारी से भागता रहा है।

Recommended Video
दाउद इब्राहिम को लेकर सवाल पर श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व समुदाय को गुमराह कर रहा है। पाकिस्तान को विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो भी इस तरह के मामलों में गुनाहगार हैं, उनको सजा हो। पाकिस्तान ने लगातार दिखाया है कि वो अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं रखता है।
लद्दाख में चीन के साथ बॉर्डर पर स्थिति को लेकर विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ने कहा कि बीते हफ्ते भारत-चीन सीमा मामलों की परामर्श एवं समन्वय समिति (डब्ल्यूएमसीसी) की 18 वीं बैठक हुई है। बैठक में दोनों पक्षों ने बॉर्डर पर हालात को लेकर बातचीत की। दोनों पक्षों ने समझौतों के अनुसार एलएसी पर वेस्टर्न सेक्टर से पूर्ण डिसएंगेजमेंट की प्रक्रिया जारी रखने की बात दोहराई है।
अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत मिशन का छठां चरण 1 सितंबर, 2020 से शुरू होगा। छठे चरण के तहत सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया की 31 उड़ानें निश्चित हो गई हैं। इनमें कनाडा के टोरंटो शहर से 17 और वैंकूवर से 13 फ्लाइट उड़ान भरेंगी। हालांकि डिमांड के लिहाज से शेड्यूल में बदलाव हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications