'क्या फर्क पड़ता है, गीदड़ इकट्ठा होकर भी शेर से', लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष एकता पर मीनाक्षी लेखी का तंज
Meenakashi Lekhi News: 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बाकी विपक्षी दलों के साथ बैठक का दौर जारी है। ऐसे में विपक्ष एकता के लिए किए जा रहे प्रयासों पर केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने तंज कसा है।

बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नई ताकत तैयार करने के लिए विपक्षी दलों को एक साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक तस्वीर साझा की थी, जिसके बाद साफ हो गया कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सभी दलों का एकजुट किया जा रहा है।
जिस पर अब केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने करारा तंज कसा है। दरअसल, जब उनसे पूछा गया था कि 2024 आम चुनाव से पहले विपक्ष एकता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा कि क्या फर्क पड़ता है..गीदड़ इक्ट्ठे होकर भी लड़े तो शेर का मुकाबला करते है क्या?
'शेर से मुकाबला कर सकते हैं क्या?'
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि इन सब बातों पर ध्यान नहीं देना है, काम करना है। मीनाक्षी लेखी दिल्ली में अंबडेकर जयंती के मौके पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आईं थी, जहां उन्होंने मीडिया के सामने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तंज कसा।
आपको बता दें कि हाल ही में 2 दिन पहले राहुल गांधी ने एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें तीन दलों के पांच बड़े नेता एक साथ थे। फोटो के साथ उन्होंने लिखा था कि विचारधारा की इस लड़ाई में, विपक्ष की एकता की ओर आज एक ऐतिहासिक कदम लिया गया है। साथ खड़े हैं, साथ लड़ेंगे - भारत के लिए!
विपक्ष को एक साथ लाने की तैयारी
इसके अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दिल्ली का दौरा किया था, जहां मीडिया से बात करते हुए बताया था कि विपक्षी एकता का प्रयास किया जा रहा है। सभी विपक्षी पार्टियों के नेताओं से बात हुई है। सभी ने अपना बयान दे दिया है।
वहीं कांग्रेस नेताओं से नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की मुलाकात के बाद आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा था कि 4 महीने के अंदर विपक्ष का महागठबंधन होगा। सभी एक साथ मंच साझा करेंगे। गौरतलब है कि विपक्ष के दलों को एकजुट करने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेलंगाना के सीएम केसीआर और खुद नीतीश कुमार भी कई दफा सभी पार्टियों को एक साथ लाने की बात बोल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications