मजदूरों ने घर जाने को कहा तो ईंट भट्टे के मालिक ने बेरहमी से पीटा, तस्वीरों में देखिए बर्बरता
नई दिल्ली। तमिलनाडु के त्रिवल्लूर जिले में मजदूरों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। ये मजदूर एक ईंट भट्टे पर काम करते हैं। आरोप है कि जह इन्होंने मालिक से कहा कि ये लोग घर जाना चाहते हैं तो उसने इन्हें चुपचाप काम करने को कहा। इन्होंने इससे इनकार किया तो इनको बुरी तरह से पीटा गया। कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिसमें एक मजदूर का सिर फटा है तो एक महिला की बांह पर निशान हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है।

त्रिवल्लूर एसपी पी. अरविंदन ने कहा है कि तस्वीरें सामने आने के बाद सभी मजदूरों को भट्टे से निकाल लिया गया है। ये कोई 300 लोग हैं, जिनमें सबसे ज्यादा ओडिशा के हैं। वहीं कुछ मजदूर उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को ये मामला हुआ। मजदूरों ने तस्वीरें अपने घर पर भेजी थीं, जिसके बाद ये पुलिस तक भी पहुंची। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि भट्टे के मालिक और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मजदूरों को उनके गृहराज्यों को भेजने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया गया है। लॉकडाउन में मजदूरों के घर जाने की जो प्रक्रिया है, उसके तहत उन्हें भेजा जाएगा।
बता दें कि देश में 25 मार्च को लॉकडाउन लागू होने के बाद से ही मजदूर बुरी तरह से प्रभावित हैं। कहीं वो काम ना मिलने की वजह से सैकड़ों मील पैदल चलकर जा रहे हैं और हादसों का शिकार हो रहे हैं तो कहीं उनको बंधक बनाकर काम कराए जाने की कोशिश हो रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि मजदूरों गए तो लॉकडाउन में उनका वापस आना मुमकिन हीं हो पाएगा। ऐसे में कई जगहों से मजदूरों से मारपीट की खबरें लगातार आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications