Chhattisgarh News: राजधानी रायपुर में होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, ‘मोर माटी, मोर मान’ होगी थीम
नवा रायपुर स्थल पर 'मोर माटी मोर मान' विषय के तहत दो दिवसीय प्रवासी छत्तीसगढ़ी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विदेश में रहने वाले छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा, पंजीकरण पोर्टल की सुविधा होगी, स्थानीय संस्कृति और व्यंजन का प्रदर्शन किया जाएगा, प्रवासी उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा, और निवेश और सहयोग के लिए एमओयू पर विचार किया जाएगा।
राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित समिति कक्ष में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर आयोजित इस सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया जारी है। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और कला से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को प्रदेश से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रवासियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को सम्मेलन में सम्मानित किया जाए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के साथ युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें लाभ मिल सके।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रवासियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि वे किसी क्षेत्र में निवेश या सहयोग की सहमति देते हैं तो उनसे एमओयू भी किया जाएगा। आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विशेष प्रस्तुति भी रहेगी।
बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications