Microsoft Outage: जल्द दूर होंगी तकनीकी दिक्कतें,अश्विनी वैष्णव ने कहा- माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में है सरकार
Microsoft Outage: दिग्गज आईटी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का शुक्रवार 19 जुलाई को सर्वर डाउन हो गया, जिसकी वजह से दुनियाभर में हड़कंप मच गया है। भारत समेत कई देशों में एयरलाइंस, टीवी, बैंकिंग और कई कार्पोरेट कंपनियों पर भी असर पड़ा है। वहीं, अब भारत के आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने माइक्रोसॉफ्ट से संपर्क किया है।
आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार वैश्विक आउटेज को हल करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि इस आउटेज का कारण पहचान लिया गया है और इस मुद्दे को हल करने के लिए अपडेट जारी किए गए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि सीईआरटी टेक्निकल एडवाइजरी कर रहा है।

आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि वैश्विक आउटेज का असर एनआईसी नेटवर्क पर नहीं पड़ा है। इस संबंध में आईटी मंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट भी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा कि इस आउटेज के कारण की पहचान कर ली गई है और समस्या को हल करने के लिए अपडेट जारी किए गए हैं।
इसके अलावा एमईआईटीवाई वैश्विक आउटेज के संबंध में माइक्रोसॉफ्ट और उसके सहयोगियों के संपर्क में है। खबर के मुताबिक, भारत में विस्तारा, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिससे बुकिंग, चेक-इन और फ्लाइट अपडेट प्रभावित हो रही हैं।
एयरलाइन्स ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अब इन एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए मैन्युअल चेक-इन का सहारा लिया है। इस बीच, भारतीय एयरलाइंस ने अपने सिस्टम को प्रभावित करने वाली मौजूदा गड़बड़ी पर बयान जारी किया। अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, हमारे सेवा प्रदाता के साथ बुनियादी ढांचे के मुद्दों के कारण, बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग सेवाओं के प्रबंधन सहित हमारी कुछ ऑनलाइन सेवाएँ अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी।
लोगों को हुई इस असुविधा के लिए खेद है और हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि हमारी टीमें हमारे सेवा प्रदाता के साथ मिलकर इसे जल्द से जल्द हल करने के लिए काम कर रही हैं। स्पाइसजेट ने भी तकनीकी समस्या को स्वीकार किया है, जिससे उड़ान में व्यवधान संबंधी अपडेट देने की उनकी प्रणाली की क्षमता प्रभावित हुई है।












Click it and Unblock the Notifications