'वो मालामाल है, सबसे महंगा वकील रखेगा', क्या मेहुल चोकसी को लाया जा सकेगा भारत? जानें मुखबिर ने क्या-क्या कहा?
Mehul Choksi (Whistle-blower Hariprasad): पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के कहने पर ये गिरफ्तारी 12 अप्रैल को की गई है। मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी का आरोप है। ऐसे में मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पित होने की संभावनाओं की चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक भारतीय जांच एजेंसियों, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीबीआई ने बेल्जियम से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए यह कदम उठाया है। ऐसे में पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मुखबिर हरिप्रसाद एसवी ने मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी के बाद उसके भारत प्रत्यर्पित होने की संभावनाओं पर शक जताया है। उन्होंने कहा है कि 65 वर्षीय मेहुल चोकसी को भारत लेकर आना बिल्कुल आसान नहीं होगा।

PNB घोटाले के मुखबीर ने कहा- मेहुल चोकसी का बटुआ भरा हुआ है, वो सबसे महंगा वकील रखेगा
PNB घोटाले के मुखबीर हरिप्रसाद एसवी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि मेहुल चोकसी के यूरोप में बड़े-बड़े वकीलों तक पहुंच है। उसके पास पैसों की कमी है...वो इतना मालामाल है कि वो यूरोप के सबसे महंगे वकीलों को अपने लिए हायर करेगा। वह अपने प्रत्यर्पण से बचने के लिए जी-जान से लड़ेगा।
हरिप्रसाद ने याद किया कि कैसे मेहुल चोकसी पहले डोमिनिका में हिरासत में लिए जाने पर कानूनी कार्यवाही से बचने में कामयाब रहा था। उन्होंने कहा,
"प्रत्यर्पण कोई आसान काम नहीं है। चोकसी का बटुआ पैसों से भरा हुआ है और वह विजय माल्या की तरह इस प्रक्रिया से बचने के लिए यूरोप में सबसे अच्छे और महंगे वकीलों को नियुक्त करेगा। मुझे नहीं लगता कि भारत के लिए उसे वापस लाना आसान होगा।"
हरिप्रसाद ने कहा- 'मेहुल चोकसी के पास वकीलों की पूरी फौज है....'
हरिप्रसाद ने कहा, "जब मेहुल चोकसी एंटीगुआ (डोमिनिका) और अन्य द्वीपों में पकड़ा गया था, तो वह वहां से भागने में सफल रहा, क्योंकि उसके पास वकीलों की पूरी फौज है। लेकिन मैं कामना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि इस बार भारत सरकार सफल होगी।"
मेहुल चोकसी ने 100 से ज्यादा फ्रेंचाइजी को धोखा दिया
हरिप्रसाद ने यह भी बताया कि मेहुल चोकसी ने कथित तौर पर 100 से अधिक फ्रेंचाइजी को धोखा दिया है, जिनमें से कई ने विभिन्न भारतीय शहरों में मामले दर्ज किए हैं।
हरिप्रसाद ने कहा, "यहां तक कि मुझे भी बेंगलुरु पुलिस से उसकी गिरफ्तारी का वारंट मिला था, लेकिन वास्तव में कुछ नहीं हुआ क्योंकि वह कानून के शिकंजे से बचने में काफी चतुर था।"
क्या मेहुल चोकसी को भारत लाना आसान होगा? हरिप्रसाद ने क्या कहा?
आगे की चुनौतियों पर बात करते हुए हरिप्रसाद ने कहा, "भारत में कानूनी व्यवस्था निस्संदेह बहुत अच्छी है, लेकिन प्रत्यर्पण प्रक्रिया उस देश पर निर्भर करती है जिसके साथ हम काम कर रहे हैं। यह मामला आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि उसके पास बहुत पैसा है।"
हरिप्रसाद ने सबसे पहले 26 जुलाई 2016 को प्रधानमंत्री कार्यालय को लिखे एक पत्र में घोटाले के बारे में चिंता जताई थी, जिसमें बैलेंस शीट में संदिग्ध प्रविष्टियों को चिह्नित किया गया था और संभावित बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चेतावनी दी गई थी।
इस बीच सूत्रों ने पुष्टि की कि स्थानीय अधिकारियों द्वारा उसकी उपस्थिति की पुष्टि करने के बाद शनिवार को बेल्जियम में चोकसी को गिरफ्तार कर लिया गया। कथित तौर पर भारत में उसके प्रत्यर्पण की तैयारी चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications