आने वाले समय में भाजपा संविधान को खत्म कर देगी, तिरंगा बदलकर भगवा झंडा लाएगी: महबूबा मुफ्ती
नई दिल्ली, 05 अगस्त। पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी संविधान और सेक्युलरिज्म को खत्म करे देगी, जिसकी बुनियाद पर देश खड़ा है। ये लोग देश को धार्मिक देश बना देंगे। ये लोग तिरंगा भी बदल देंगे, जिसे आप गर्व से फहरा रहे हैं, ये लोग तिरंगा हटाकर भगवा झंडा लेकर आएंगे। यही नहीं मुफ्ती ने कहा कि ये लोग देश का झंडा उसी तरह से खत्म कर देंगे जिस तरह से इन लोगों ने जम्मू कश्मीर के संविधान और झंडे को छीन लिया। हम भी इन लोगों पर दबाव डालेंगे कि कश्मीर के मसले को सुलझाया जाए, जिसके लिए लाखों लोगों ने अपने जीवन का बलिदान दिया है।

बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र की हत्या हो रही है, जो भी जनता से जुड़े मुद्दों को उठाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है, उसे जेल में डाल दिया जाता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस सरकार का एकमात्र लक्ष्य जनता के मुद्दों जैसे महंगाई, बेरोजगारी को ना उठाया जाए। भारत में लोकतंत्र नहीं है, देश में चार लोगों की तानाशाही है। भारत को एक-एक ईंट जोड़कर बनाया गया है, इसमे बनाने में दशकों लगे हैं, लेकिन इसे आपकी आंखों के सामने बर्बाद किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा था कि लोकतंत्र अब यादों में हैं, इसके गंभीर परिणाम होंगे क्योंकि देश के लोग चुप नहीं बैठेंगे। आप सभी जानते हैं, पूरा देश जानता है। जो भी तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाता है, फिर वह चाहे जो भी हो, कहीं से भी आता हो, किसी भी राज्य से, किसी भी धर्म से, महिला या पुरुष हो, उसपर हमला किया जाता है, उसे जेल में भेज दिया जाता है, उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है, उसे जेल में डाल दिया जाता है। मेरी दिक्कत यह है कि मैं सच बोलता हूं और मैं किसी भी चीज से डरता नहीं हूं। मैं महंगाई, बढ़ती कीमत के मुद्दे को उठाता रहूंगा।












Click it and Unblock the Notifications