Meghalaya BJP Chief Beef खाने के शौकीन, कहा- खाता हूं फिर भी भाजपा में हूं, विधानसभा चुनाव में जीत का दावा
मेघालय में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 27 फरवरी को मतदान होना है। वोटिंग से ठीक पहले बीजेपी चीफ बीफ खाने का बयान देकर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने कहा, बीफ खाता हूं, फिर भी भाजपा में हूं।

Meghalaya BJP Chief Beef खाने के शौकीन हैं। मेघालय चुनाव 2023 के लिए मतदान 27 फरवरी को होना है। करीब एक हफ्ते पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) ने कहा कि बीजेपी ने बीफ खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है और वह बीफ खाते हैं और इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मेघालय की जनता इस बार भाजपा के साथ है। आप 2 मार्च को नतीजों में इसका प्रमाण देखेंगे।
बीजेपी शासन में किसी भी चर्च पर अटैक नहीं
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक इंटरव्यू में मेघालय बीजेपी चीफ ने कहा, मैं बीफ खाता हूं, मैं बीजेपी में हूं और इससे कोई समस्या नहीं है। मेघालय बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी ने कहा, मैं बीफ खाता हूं इसमें कोई समस्या नहीं है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मेघालय के लोग इस बार भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा, केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से किसी भी चर्च पर कोई हमला नहीं हुआ। मावरी ने कहा कि पार्टी बीफ खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाती है।
कट्टरपंथियों को स्वीकार के लिए तैयार है भाजपा!
बीजेपी चीफ मावरी के इंटरव्यू पर न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेघालय के लोग, जो मुख्य रूप से ईसाई धर्म का पालन करते हैं, बीफ प्रतिबंध, सीएए और अन्य मुद्दों पर भाजपा के कट्टरपंथियों को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।

सभी 60 सीटों पर लड़ रही BJP, अच्छे प्रदर्शन की आशा
मावरी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा के "अच्छे प्रदर्शन" का दावा कर कहा, इस बार हमने राज्य की सभी 60 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। हम अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। चुनाव परिणाम के बाद हम ऐसी पार्टियों की तलाश कर सकते हैं जिनके हाथ भ्रष्टाचार में नहीं डूबे हों।
NPP सरकार के करप्शन का रिकॉर्ड
बकौल Ernest Mawrie, पिछले पांच वर्षों में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के कार्यकाल में "बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार" हुआ। बीजेपी "भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस" की नीति पर चलती है। उन्होंने कहा, "पिछले एक साल में हमने कई आरटीआई आवेदन दायर किए हैं, हमने देखा है कि वर्तमान शासन के तहत मेघालय में कितना बड़ा भ्रष्टाचार चल रहा था। हमारे पास सभी रिकॉर्ड हैं।"
'बयानवीर' BJP चीफ का ममता पर हमला
बता दें कि मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 27 फरवरी को मतदान निर्धारित हैं। नतीजे 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे। अपने बयानों के लिए पहले भी सुर्खियों में रहे मावरी ने जनवरी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बांग्लादेश का हितैषी करार दिया था। उन्होंने टीएमसी उम्मीदवारों के बारे में कहा था कि पश्चिम बंगाल के लोगों को मेघालय की जनता स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस से मिलने वाली चुनौती के बारे में बीजेपी चीफ मावरी ने कहा था कि इस बार 60 सीटों में कांग्रेस को बमुश्किल एकाध सीटें ही मिलेंगी। पार्टी अपना जनाधार खो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications