महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बीच शरद पवार ने की पीएम मोदी से मुलाकात, अटकलें तेज
Recommended Video
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर एनसीपी-कांग्रेस और शिवसेना के बीच बातचीत का दौर लगातार जारी है। राज्य में जारी सियासी घमासान के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में मुलाकात की। हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच बात हुई है। लेकिन पहले बताया जा रहा था कि महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दे को लेकर शरद पवार पीएम मोदी से मिल सकते हैं। वहीं, इसे सरकार गठन की कवायद से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान पीएम मोदी ने शरद पवार की तारीफ की थी, जिसके बाद से ये कयास लगाए जाने थे कि क्या सरकार बनाने को लेकर बीजेपी एनसीपी की तरफ तो नहीं देख रही है। हालांकि, एनसीपी के नेता नवाब मलिक ने बताया कि शरद पवार संसद में पीएम मोदी से किसानों के मुद्दे को लेकर मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि हम किसानों के लिए राहत की मांग करेंगे।
पिछले दिनों एनसीपी ने किसानों के मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात की थी। दूसरी तरफ, पीएम मोदी के साथ होने वाली शरद पवार की बैठक पर सियासी गलियारे में चर्चाएं तेज हैं। शिवसेना सांसद संजय राउत ने भी इसपर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि क्या पीएम से अगर कोई नेता मिलता है तो खिचड़ी पक रही है क्या?
शरद पवार करेंगे पीएम मोदी से मुलाकात
राउत ने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री हैं और महाराष्ट्र में किसान परेशानियों का सामना कर रहे हैं। शरद पवार और उद्धव ठाकरे हमेशा किसानों के बारे में सोचते हैं। बाहर हो या संसद के भीतर, पीएम से कोई भी मिल सकता है। शरद पवार राज्य के हालात से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि हम पीएम से मिलकर किसानों की स्थिति के बारे में बताएंगे और किसानों के लिए अधिक से अधिक मदद की मांग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications