सिर्फ स्वाति की पिटाई ही नहीं, केजरीवाल के 'राइट हैंड' बिभव कुमार से जुड़े इन 5 विवादों को भी जान लीजिए
Bibhav Kumar Row: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व निजी सचिव बिभव कुमार का विवादों से पुराना नाता है। राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को दिल्ली सीएम आवास में पीटने के आरोप में 18 मई को दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
स्वाति मालीवाल का दावा है कि 13 मई को मुख्यमंत्री आवास पर बिभव कुमार ने उनके 7-8 थप्पड़ मारे हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल से बिभव कुमार की दोस्ती सालों पुरानी है। बिभव अरविंद केजरीवाल कई सालों से साथ काम कर रहे हैं।

इंडियन एक्सप्रेस ने बिभव को केजरीवाल का पर्सनल और पॉलिटिकल मैनेजर बताया है। बिभव को केजरीवाल का 'राइट हैंड' कहा जाता है। तिहाड़ जेल में केजरीवाल ने जिन 6 लोगों से मिलने का लिस्ट दिया था, उसमें बिभव कुमार का भी नाम था।
अब आप इससे समझ सकते हैं कि बिभव केजरीवाल के कितने करीबी हैं। हालांकि ये पहली बार नहीं है, जब बिभव कुमार किसी की पिटाई कर चर्चाओं में आए हैं। इससे पहले वो नोएडा विकास प्राधिकरण के सरकारी अधिकारी के साथ भी मारपीट कर भी विवादों में थे। आइए जानें बिभव कुमार के 5 विवाद?
1. सरकारी कर्मचारी को पीटने के लिए बिभव कुमार किए बर्खास्त
बिभव कुमार को सीएम अरविंद केजरीवाल के पर्सनल सेक्रेटरी के पद से मार्च 2024 में बर्खास्त किया गया था। स्पेशल सेक्रेटरी विजिलेंस वाईवीवीजे राजशेखर ने इसको लेकर आदेश जारी किया था। उन्होंने 2007 के एक मामले का आधार दिया था।
असल में साल 2007 में नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनात महेश पाल ने बिभव पर कथित तौर पर मारपीट का आरोप लगा था। महेश ने 25 जनवरी 2007 को नोएडा के थाने में शिकायत भी की थी।
2. एंटी करप्शन ब्यूरो ने की थी बिभव कुमार से पूछताछ
शीला दीक्षित सरकार के वक्त साल 2012 में दिल्ली जल बोर्ड ने 385 स्टील के टैंकर खरीदे थे। वहीं साल 2015 में केजरीवाल सरकार ने टैंकरों की खरीद में गड़बड़ी की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी।
आप के पूर्व विधायक और पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा ने इस मामले में शिकायत भी की थी। साल 2017 में एंटी करप्शन ब्यूरो ने टैंकर स्कैम में बिभव कुमार से पूछताछ की थी।
3. टाइप-6 बंगला चाहते थे बिभव कुमार
बिभव कुमार अगस्त 2023 में उस वक्त भी सुर्खियों में थे, जब विजिलेंस डिपार्टमेंट ने PWD को आदेश में कहा था कि बिभव को टाइप-6 बंगला आवंटित नहीं किया जाएगा।
4. बिभव के घर पर जब 16 घंटे तक चली छापेमारी
दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 6 फरवरी 2024 को बिभव कुमार के घर पर ईडी ने छापेमारी की थी। ये छापेमारी 16 घंटे तक चली थी।
5. दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले बिभव से भी पूछताछ
दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले को लेकर भी फरवरी 2024 में बिभव से ईडी ने पूछताछ की थी। इस मामले में अप्रैल 2024 में ईडी ने बिभव का PMLA के तहत बयान दर्ज किए थे।












Click it and Unblock the Notifications