राहुल अगर चौकीदार चोर कहेंगे तो 11 करोड़ भाजपा कार्यकर्ता 'खानदान चोर है' कहेंगे
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की नेता मीनाक्षी लेखी ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने संसदीय क्षेत्र में काम किया है और पिछले पांच साल के मेरे अच्छे काम का लोग मुझे फल जरूर देंगे। लेखी ने इस दौरान राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह चौकीदार को चोर कहेंगे तो हम उनके पूरे खानदान को चोर कहेंगे।

खानदान चोर है
जिस तरह से राहुल गांधी राफेल डील को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोलते हैं और उन्हें चौकीदार चोर कहते हैं, उसपर पलटवार करते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अगर वह चौकीदार चोर कहेंगे तो हम खानदान चोर कहेंगे। भाजपा के कुल सदस्यों की संख्या 11 करोड़ है और वे सभी खानदान चोर है कहेंगे। बता दें कि मीनाक्षी लेखी ने राहुल गांधी के चौकीदार चोर है के नारे के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद राहुल गांधी को अपने इस बयान पर माफी मांगनी पड़ी थी।

मैंने पांच साल काम किया
आपको बता दें कि मीनाक्षी लेखी इस बार कांग्रेस के नेता अजय माकन के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के ब्रजेश गोयल भी उनके खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। लेखी ने कहा कि मैं इस इलाके को तबसे जानती हूं जब से मैं पैदा हुई हूं। लोगों ने मुझे बहुत प्यार और सम्मान दिया है। लिहाजा मैं इस बात को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि मैं इस चुनाव में जरूर जीत दर्ज करूंगी। दोनों ही उम्मीदवार मेरे लिए किसी भी तरह की कोई चुनौती नहीं हैं।

काम से लोग संतुष्ट
लेखी के संसदीय क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वह उनके काम से संतुष्ट हैं, हालांकि कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिसकी वजह से नाराज हैं और वह चाहते हैं कि उनका उम्मीदवार इस ओर ध्यान दे। यहां रहने वाली कुसुम कपूर का कहना है कि मैं इस सोसाइटी में 14 साल से रह रही हूं। यह इलाका काफी अच्छा हुआ है। पार्क काफी अच्छे हो गए हैं, जिम की मशीनें बेहतर हैं। कानून व्यवस्था, सड़क, बिजली, जैसे मुद्दे अब बेहतर हैं, इलाके में सफाई रहती है। आप ने बिजली का बिल कम करके अच्छा काम किया है, लेकिन पिछले वर्ष यह बढ़ गया है। जो भी चुनाव जीते उसे इन सभी मुद्दों पर काम करना चाहिए।

ये समस्याएं हैं
वहीं राजेंद्र नगर में रहने वाले एक और निवासी अरविंद मेहता ने बताया कि मैं इस कॉलोनी में पैदा हुआ हू। मैंने इस कॉलोनी को बनते हुए देखा है, इसके साथ ही यहां समस्याएं भी बढ़ी हैं। कॉलोनी में पानी का सिर्फ एक संसाधन है, दिन में सिर्फ एक बार पानी की सप्लाई होती है। एक मंजिल के घरों को कई मंजिल में बदल दिया गया है, कारों की संख्या काफी बढ़ गई है, लेकिन इसके हिसाब से कारों को पार्क करने की व्यवस्था नहीं है।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications