पाक के सामने फिर कुलभूषण का मुद्दा उठाएगी भारत सरकार, बिल में बदलाव की मांग: विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली, 17 जून: विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि हाल ही में विदेश मंत्री एस जयशंकर कतर की यात्रा पर गए थे। तब अफगानिस्तान के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। उस दौरान अफगानिस्तान सुलह के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि जलमय खलीलजाद भी दोहा में थे। जिन्होंने जयशंकर से मुलाकात कर उन्हें हाल के घटनाक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

भारत-पाकिस्तान के मुद्दे पर बागची ने कहा कि दोनों पक्षों ने बुधवार को सभी लंबित असाइनमेंट वीजा को मंजूरी दे दी। साथ ही पाकिस्तान के सामने कूलभूषण जाधव का मुद्दा उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने ICJ, समीक्षा और पुन: विचार विधेयक, 2020 पारित किया है। हम पाकिस्तान से विधेयक में कमियों को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग करते हैं। साथ ही उम्मीद जताते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का अक्षरश: पालन होगा।
वहीं मेहुल चोकसी के ऊपर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत की ओर से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सरकार चाहती है कि चोकसी जल्द से जल्द भारत आए और यहां के कानून के तहत उसके खिलाफ मुकदमा चले। इस वजह से डोमिनिकन सरकार से सक्रिय रूप से बात हो रही है। जल्द ही इस मामले में कोई निकर्ष निकलकर सामने आएगा। वहीं वैक्सीन पर बागची ने कहा कि हम वैक्सीन इक्विटी पर अधिक ध्यान देने के साथ वैक्सीन पासपोर्ट के विषय पर चर्चा का समर्थन करेंगे। अभी उन्हें भारत की ओर से ऐसा कोई पासपोर्ट जारी करने के बारे में जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications