असम में उग्रवादियों ने किया नरसंहार, पीएम ने बताया कायरता पूर्ण हरकत
गुवाहाटी| एक बार फिर से उग्रवादियों के आतंक से पूरा असम हिल गया है, मंगलवार को हुए घृणित हमले में कोकराझार जिले के सरलपारा गांव और सोनितपुर जिले के शांतिपुर गांव में मौत का तांडव देखने को मिला। उग्रवादी गुट नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के संगबिजीत गुट ने 44 आदिवासियों की हत्या कर दी जिसे पूरा असम ही नहीं बल्कि पूरा भारत हिल गया है।

उग्रवादी संगठन ने यह हत्याएं उस अभियान के खिलाफ की जो कि उनके खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तो वहीं गृह मंत्रालय ने भी कहा है कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को सजा जरूर मिलेगी। तो वहीं मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी कहा है कि उनकी सरकार किसी भी उग्रवादी धमकी के आगे झुकेगी नहीं।
फिलहाल घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है और असम के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूरे प्रदेश को रेड एलर्ट कर दिया गया है और सेना को भी बुला लिया गया है। गौरतलब है कि असम पुलिस के कमांडोज और सेना के एक संयुक्त दल ने रविवार को पड़ोसी जिले चिरांग में भूटान सीमा के पास दो बोडो उग्रवादियों को मार गिराया था। इसलिए उग्रवादियों ने मंगलवार को बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है। मृतकों और घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications