किसानों आंदोलन के चलते दिल्ली से लगती कई सीमाएं सील, आज भी इन रास्तों पर बंद रहेगा ट्रैफिक मूवमेंट
नई दिल्ली: नए कृषि कानून को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसानों का आंदोलन जारी है। दिल्ली पुलिस ने किसानों को बुराड़ी के निरंकारी मैदान में प्रदर्शन की इजाजत दी थी, लेकिन वो वहां नहीं गए। साथ ही दिल्ली से लगती कई सीमाओं पर मोर्चा संभाले हुए हैं। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ रहा है क्योंकि दिल्ली पुलिस ने आंदोलन के चलते कई महत्वपूर्ण रास्तों को बंद कर दिया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक दिल्ली-हरियाणा का झटीकरा बॉर्डर सिर्फ दोपहिया वाहनों के लिए खोला गया है। इसके अलावा धनसा, दौराला, कपासेरा, राजोखरी NH-8, बिजवासन/बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेरा से लगती हरियाणा की सीमाएं भी खुली हैं। अगर आप यूपी से दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर के जरिए जाना चाहते हैं, तो आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि एनएच -24 पर स्थित इस सीमा पर यातायात दोनों ओर से बंद है।
वहीं नोएडा दिल्ली बॉर्डर पर भी किसान आंदोलन का प्रभाव पड़ा है। जिस वजह से नोएडा लिंक रोड पर स्थित चिला बॉर्डर पर ट्रैफिक मूवमेंट को बंद कर दिया गया है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को नोएडा लिंक रोड से यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। अगर आप नोएडा से दिल्ली जाना चाहते हैं, तो डीएनडी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
आज जगह-जगह हो रहा प्रदर्शन
केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारी किसानों से बात की थी, लेकिन वो वार्ता पूरी तरह विफल रही। किसान नए कानून में संशोधन की जगह उसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। जिस पर केंद्र राजी नहीं है। ऐसे में किसानों का प्रदर्शन तेज हो गया है। आज किसान देशभर में पीएम मोदी का पुतला फुकेंगे। साथ ही 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications