पीएम पर ट्वीट से नाराज बीजेपी नेता ने कहा, कपिल शर्मा के खिलाफ दर्ज कराऊंगा शिकायत
नई दिल्ली। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने ट्वीट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अच्छे दिन...' को लेकर सवाल उठाए। जिसके बाद से वह बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का कपिल को जवाब
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि कपिल शर्मा को प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना नहीं साधना चाहिए था। कपिल शर्मा के तो अच्छे दिन आ ही गए हैं।
बीजेपी नेता राम कदम ने कपिल शर्मा के खिलाफ साइबर सेल में जाकर शिकायत की बात कही है। उन्होंने कहा कि कपिल शर्मा पूरे मामले को सोशल मीडिया में लेकर गए, जबकि उन्होंने इसकी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि आप कितना टैक्स देते हैं ये कोई मामला नहीं है, लेकिन कोई भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए।
बीजेपी नेता बोले, कपिल शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराऊंगा
बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि कपिल शर्मा ने पूरे मामले को सोशल मीडिया पर उजागर किया, लेकिन उन्होंने क्या इसकी कोई शिकायत दर्ज कराई?
उन्होंने कहा कि एक भारतीय नागरिक के तौर पर मैं साइबर सेल जाऊंगा और इस मामले की शिकायत दर्ज कराऊंगा। आखिर कपिल शर्मा ने शिकायत क्यों नहीं की?
इससे पहले मनोज तिवारी भी सामने आए। उन्होंने कहा कि अगर कपिल शर्मा को अच्छे दिन में कोई कमी नजर आ रही है तो उसको उजागर करना चाहिए, ऐसे प्रधानमंत्री पर निशाना नहीं साधना चाहिए था।
मनोज तिवारी ने दिया कपिल को जवाब
बीजेपी सांसद ने कहा कि कपिल शर्मा के अच्छे दिन आए हैं तभी तो वह 15 करोड़ टैक्स दे पा रहे हैं। अगर उनसे किसी ने रिश्वत मांगी है तो उसकी उन्हें लिखित में शिकायत करनी चाहिए। मनोज तिवारी ने कहा कि कपिल शर्मा जिनके कहने पर ये बात कह रहे हैं वो एक करोड़ के चाय-समोसे खा लेते हैं।
वहीं बीजेपी नेता राम कदम ने आगे कहा कि फिलहाल इस मामले में कपिल शर्मा और उन बीएमसी अधिकारियों को बुलाया जाना चाहिए और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
पूरे मामले की जांच कराएगी बीएमसी
इस बीच कपिल शर्मा के आरोप के बाद बीएमसी की प्रतिक्रिया आई है। बीएमसी ने कहा है कि कपिल शर्मा उस अधिकारी का नाम बताएं जिसने उनसे घूस लेने की बात कही थी।
विजिलेंस के मुख्य इंजीनियर एम. पवार ने कहा कि विभाग में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीएमसी इस मामले की जांच कराएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि लोकप्रिय कॉमेडियन कपिल शर्मा खासे नाराज हैं। नाराजगी की वजह से उन्होंने देश के सिस्टम पर सवाल खड़े उठा दिए हैं।
दरअसल कपिल शर्मा से मुंबई में ऑफिस खोलने के लिए घूस मांगी जा रही है जिसके चलते उन्होंने ट्विटर पर पीएम मोदी से सवाल किया है।
घूस मांगने के मुद्दे पर कपिल ने किया था ट्वीट
कपिल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए ट्विटर पर लिखा कि, ये हैं आपके अच्छे दिन। पिछले 5 साल में हमने 15 करोड़ इनकम टैक्स दिया है लेकिन मुंबई दफ्तर से जुड़े काम के लिए 5 लाख घूस देना पड़ रहा है।
हालांकि कपिल शर्मा ने ट्वीट में पूरी घटना का जिक्र नहीं किया है कि आखिर उनसे कौन, कब और कितना रिश्वत मांग रहा है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि मुंबई में उनके ऑफिस के पेपर वर्क के लिए बीएमसी के अधिकारियों ने उनसे 5 लाख रुपये घूस की मांग की है।
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि 'अच्छे दिन आने वाले हैं'..। शायद इसीलिए कपिल शर्मा ने 'अच्छे दिन...' को कोट किया है।












Click it and Unblock the Notifications