क्या मैं आर्मी को राहुल गांधी को साथ ले जाकर सर्जिकल स्ट्राइक के लिए कहता: मनोहर पर्रिकर
पणजी। गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर ने कांग्रेस पर लगातार सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए जाने को लेकर निशाना साधा है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए मनोहर पर्रिकर ने कहा कि, विपक्षी पार्टियां सर्जिकल स्ट्राइक होने पर ही सवाल उठाती हैं। पर्रिकर ने सवाल किया कि क्या उन्हें सेना को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को साथ ले जाकर सर्जिकल स्ट्राइक के लिए कहना चाहिए था ?

गोवा के सीएम ने कहा कि, 'विपक्षी दल क्या दावा करते हैं कि वह (सर्जिकल स्ट्राइक) हुआ ही नहीं। जरा नकारात्मकता को देखिए। क्या मुझे उन्हें (विपक्ष) साथ ले जाना चाहिए था? क्या मुझे सेना को कहना चाहिए था कि वे राहुल गांधी को साथ ले जाएं और सर्जिकल स्ट्राइक करें ? सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सबसे महत्वपूर्ण बात उसकी गोपनीयता थी।'
मनोहर पर्रिकर ने कहा कि, 'केवल पीएम मोदी, मैं, आर्मी चीफ और सैन्य ऑपरेशन के महानिदेशक इसके बारे में जानते थे। हमारे चार लोगों के अलावा कोर कमांडर, श्रीनगर में मौजूद आर्मी कमांडर तथा सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देने वाले लोग इसके बारे में जानते थे।' बता दें कि पिछले दिनों सर्जिकल स्ट्राइक का विडियो जारी होने पर राजनीति गर्म हो गई थी।
बता दें कि 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पीओके में सफल सैनिक कार्रवाई को अंजाम दिया था। इसके अगले ही दिन सेना ने बकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications