Mann Ki Baat: साल के पहले मन की बात में बोले PM- 'वोटर बनने का उत्सव मनाएं', स्टार्टअप इंडिया का भी किया जिक्र
Mann Ki Baat PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2026 के पहले मन की बात में देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने युवा मतदाताओं से खास तौर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस को उत्सव की तरह मनाने की अपील की। पीएम ने सोशल मीडिया पर चल रहे साल 2016 की यादों को शेयर करने के ट्रेंड का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे लिए भी यह दिलचस्प अनुभव है। 2016 की बात करें, तो यह स्टार्टअप इंडिया के विजन की शुरुआत का वर्ष था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देशवासियों से संवाद करते हैं। देश के विभिन्न कोनों से नागरिक, पीएम मोदी से अपने प्रश्न और सुझाव साझा करते हैं। पीएम ने इस साल के पहले रेडियो कार्यक्रम में खास तौर पर मतदाता बनने के महत्व पर जोर दिया।

PM Modi Mann Ki Baat Highlights: मतदाता बनने पर उत्सव मनाने की अपील
पीएम मोदी ने कहा, 'कल हम सभी गणतंत्र दिवस का पर्व मनाएंगे। 26 जनवरी का यह दिन हमें संविधान निर्माताओं को नमन करने का अवसर देता है। आज 25 जनवरी का दिन भी देशवासियों के लिए बहुत खास है। आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है।' पीएम ने मतदाता बनने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मतदाता बनने को जीवन का एक सामान्य पड़ाव माना जाता है। हमें समझना चाहिए कि यह अवसर किसी भी नागरिक के जीवन का बड़ा अहम समय होता है।
पीएम ने मतदाता बनने के अवसर को जश्न की तरह मनाने की अपील करते हुए कहा, 'मेरी समस्त देशवासियों से अपील है कि हम देश में मतदाता बनने का उत्सव मनाएं। जैसे हम जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हैं, वैसे ही जब कोई युवा मतदाता बने तो पूरा मोहल्ला, गांव या शहर एकजुट होकर उसका अभिनंदन करे। इससे मतदान के प्रति जागरुकता बढ़ेगी।'
PM Modi ने किया स्टार्टअप इंडिया का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी ट्रेंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'इन दिनों मैं सोशल मीडिया पर लोग 2016 की अपनी यादों को ताजा कर रहे हैं। मैं भी यह मजेदार ट्रेंड देख रहा हूं। मैं भी आज आपसे अपनी एक याद को साझा करना चाहता हूं। आज से 10 साल पहले हमने एक शुरुआत की थी। स्टार्ट अप इंडिया की जर्नी की बात मैं आप सबसे कर रहा हूं। इसके हीरो हमारे युवा साथी हैं, जिन्होंने अपने कंफर्ट जोन से निकलने का फैसला लिया। हमारे युवा इनोवेशन की दुनिया में आए और वे आज इतिहास में दर्ज हो रहे हैं।'
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में दुनिया की तीसरा बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम बन रहा है। एआई, स्पेस, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाईड्रोजन आदि अहम सेक्टर्स में भारतीय स्टार्टअप काम कर रहे हैं। मैं उन युवा साथियों को सैल्यूट करता हूं, जो स्टार्टअप से जुड़े हैं या शुरू करना चाहते हैं।
Mann Ki Baat में पीएम मोदी ने किया भजन क्लबिंग का जिक्र
रेडियो कार्यक्रम में पीएम मोदीने जेन-जी के बीच भन क्लबिंग के ट्रेंड की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, 'हमने मंदिरों में भजन सुने हैं। हर दौर में भजन-कीर्तन की संस्कृति होती है। आज के युवाओं ने भक्ति को अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना लिया है। जेन-जी के बीच एक नया सांस्कृतिक चलन सामने आया है। युवा इकट्ठा हो रहे हैं, वहां संगीत होता है, रोशनी होती है और इन सबके बीच युवाओं के इस कंसर्ट में भक्तिभाव से भजन गाए जाते हैं। इसे भजन क्लबिंग कहा जा रहा है। इस ट्रेंड की सबसे अच्छी बात है कि इसमें भक्ति भाव को हल्केपन में नहीं लिया जा रहा है। युवाओं के भजनों से शब्दों की मर्यादा भी नहीं टूटती है।'
जन भागीदारी को बताया देश की मजबूती
पीएम मोदी ने रेडियो कार्यक्रम में जन भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ' हमारे देश के लोग बहुत इनोवेटिव हैं और जन-भागीदारी हमारी ताकत है। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में पानी की कमी थी। इससे निपटने के लि स्थानीय लोगों ने जलाश्यों को साफ करने का लक्ष्य खुद ही तय किया। प्रशासन ने भी इसमें सहयोग दिया और अनंत नीरूं संरक्षण प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई। इस प्रयास के तहत 10 से अधिक जलाश्यों को जीवनदान मिला है। साथ ही 7000 से अधिक पेड़ भी लगाए गए हैं। अनंतपुर में जल संरक्षण के साथ ही ग्रीन कवर भी बढ़ा है।' पीएम ने कहा कि यह जन-भागीदारी का सुंदर उदाहरण है और यही इस देश की ताकत भी।












Click it and Unblock the Notifications