Manmohan Singh दिल्ली सेवा बिल पर वोटिंग करने संसद पहुंचे, व्हीलचेयर पर दिखे पूर्व पीएम
देश के पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh सेहत से जुड़ी परेशानियों के कारण रेगुलर संसद नहीं आ पाते। हालांकि, लंबे अरसे के बाद संसद के मानसून सेशन में उन्हें व्हीलचेयर पर राज्यसभा में देखा गया।
बता दें कि संसद के मानसून सत्र में सोमवार को दिल्ली सेवा बिल यानी GNCTD संशोधन विधेयक पर चर्चा हुई। विधेयक पर चर्चा के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने सदन को ध्यान दिलाया कि बिल की संवेदनशीलता देखते हुए संसद में पूर्व पीएम व्हीलचेयर पर मौजूद हैं।

डेरेक के ऐसा कहने पर शाम करीब 8 बजे संसद टीवी की तस्वीर सामने आई। इसमें वयोवृद्ध कांग्रेस नेता और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की सरकार के कार्यकाल में लगातार दो बार पीएम बनने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दिखे।
डॉ सिंह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा के दौरान राज्यसभा सत्र में शामिल हुए। कांग्रेस ने व्हिप जारी कर सभी सांसदों को सदन में मौजूद रहने को कहा था।
हालांकि, विपक्षी दलों का शक्ति प्रदर्शन काम नहीं आया और विधेयक के पक्ष में अधिक वोट पड़े। मतविभाजन के मुताबिक GNCTD संशोधन बिल राज्यसभा में 131 सांसदों के समर्थन से पारित हुआ।
बता दें कि डॉ मनमोहन सिंह अंतिम बार कई महीनों पहले संसद परिसर में देखे गए थे। सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 को विभाजन से पहले पंजाब के गाह गांव में हुआ था। 90 साल के सिंह पंजाब यूनिवर्सिटी के अलावा कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड से डिग्री हासिल करने वाले कद्दावर नेताओं में शुमार हैं।
लगातार दो बार (2004-2014 तक) प्रधानमंत्री रहे डॉ. सिंह एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री के तौर पर अधिक लोकप्रिय रहे। आर्थिक उदारवाद के नाम से जाना जाने वाला 1990 के दशक का व्यापक सुधार लाने का श्रेय डॉ मनमोहन सिंह को ही दिया जाता है।
विधेयक पर चर्चा के बाद जवाब में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, यह बिल हम शक्ति को केंद्र के हाथ में लाने के लिए नहीं बल्कि केंद्र को दी हुई शक्ति पर दिल्ली UT की सरकार अतिक्रमण करती है, इसको वैधानिक रूप से रोकने के लिए लाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications