Manmohan Singh:प्रियंका-खड़गे ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक, अडानी ने कही ये बात
Manmohan Singh Passed Away: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुवार शाम मनमोहन सिंह की अचानक तबीय बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने अंतिम सांस ली। एम्स में उनके परिवार के अलावा यहां कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी मौजूद हैं।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन की पुष्टि करते हुए एम्स हॉस्पिटल की तरफ से बताया गया है कि अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना दे रहे हैं। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स की मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उनका निधन हो गया।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा,'भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मनाता है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी।'
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, सरदार मनमोहन सिंह जी ने जो सम्मान दिया, वैसा राजनीति में कम ही लोग प्रेरित करते हैं।
उनकी ईमानदारी हमारे लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी और वह हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो वास्तव में इस देश से प्यार करते हैं, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे। वह वास्तव में समतावादी, बुद्धिमान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और अंत तक साहसी थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, 'निःसंदेह, इतिहास आपका दयालु मूल्यांकन करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग सत्यनिष्ठ नेता और अद्वितीय कद का एक अर्थशास्त्री खो दिया है। आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित कल्याण प्रतिमान की उनकी नीति ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को गहराई से बदल दिया, वस्तुतः भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।'
मनमोहन सिंह के निधन पर अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने दुख व्यक्त किया है। गौतम अडानी ने एक्स पर लिखा, 'डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ। इतिहास 1991 के परिवर्तनकारी सुधारों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को हमेशा याद रखेगा, जिसने भारत को नया रूप दिया और दुनिया के लिए इसके दरवाजे खोले। एक दुर्लभ नेता जो मृदुभाषी थे, लेकिन अपने कार्यों के माध्यम से महान उपलब्धियां हासिल कीं।
Recommended Video
अडानी ने आगे लिखा कि डॉ. सिंह का जीवन नेतृत्व, विनम्रता और राष्ट्र की सेवा में एक उत्कृष्ट उदाहरण है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मुझे उनसे बातचीत करने और सीखने के कई अवसर मिले। वह वास्तव में एक बौद्धिक दिग्गज, एक कुशल अर्थशास्त्री थे, लेकिन सबसे बढ़कर वह एक सज्जन व्यक्ति थे।'
उनके निधन से भारत ने एक महान बेटा खो दिया है। आपकी आत्मा को शांति मिले और हर चीज के लिए धन्यवाद। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, "यह बहुत दुखद है। वह एक महान प्रधानमंत्री थे जिन्होंने देश की सेवा की। हम अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं और दिल्ली वापस जा रहे हैं।
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, 'पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख हुआ। अद्वितीय ज्ञान के धनी राजनेता, उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता ने हमारे राष्ट्र पर एक अमिट छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान ही मैं पहली बार कर्नाटक का मुख्यमंत्री बना..उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।'
ये भी पढ़ें: Manmohan Singh Legacy: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के 5 बड़े फैसले, जिसे कभी नहीं भूला पाएगा देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।












Click it and Unblock the Notifications