Manmohan Singh: मौन हो गए मनमोहन, पंचतत्व में विलीन हुए डॉ. सिंह, निगम बोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
Manmohan Singh Farewell: भारत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज 28 दिसंबर को राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया गया। मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन होकर अब हमेशा के लिए मौन हो गए हैं।
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर कांग्रेस पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान उनके परिवार, मित्र, सहकर्मी और सरकारी गणमान्य लोग मौजूद थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सिख रीति-रिवाजों से हुआ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार की रस्में निभाई गईं। सिख रीति-रिवाजों के मुताबिक वीआईपी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर को चंदन की लकड़ी की चिता पर रखा गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद अंतिम संस्कार समारोह में मौजूद थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय लाया गया। दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री के आवास के बाहर भी कई लोग श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए।
मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए किसने क्या कहा?
दिवंगत डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि उन्होंने आजीवन कानून बनाए, जिससे करोड़ों लोगों को लाभ हुआ। उन्होंने कहा, "उनका निधन सभी के लिए क्षति है।"
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने कहा, "आज भारत ने एक महान व्यक्ति खो दिया है। वह न केवल एक अच्छे नेता थे, बल्कि एक बहुत अच्छे इंसान भी थे। लोग उन्हें एक कमजोर प्रधानमंत्री कहते थे, लेकिन यह गलत था। उन्होंने हमेशा देश के लिए काम किया, वह एक मजबूत और दयालु व्यक्ति थे।"












Click it and Unblock the Notifications