Manipur: मणिपुर के बिष्णुपुर में गोलीबारी की घटना, 4 लोग हुए लापता, नहीं मिल रही कोई खबर
Manipur News: मणिपुर में हिंसा की घटनाएं अब भी देखने को मिल रही है। बुधवार (10 जनवरी) को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में फिर से हिंसा भड़क उठी, इलाके में गोलीबारी की एक घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद मणिपुर के कुंबी विधानसभा इलाके चार लोग लापता हैं।
गोलीबारी की घटना बिष्णुपुर जिले के कुंबी और थौबल जिले के वांगू के बीच हुई है। इसी दौरान अदरक की कटाई करने गए चार लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि हमले के बाद 100 से ज्यादा लोग गांव छोड़कर भाग गए हैं।

लापता 4 लोगों को तलाशने में लगी पुलिस
पुलिस लापता चार लोगों को तलाशने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि इन्हें हथियारबंद लोगों ने बंदी बना लिया होगा। पुलिस ने लापता लोगों को ढूंढने के लिए केंद्रीय बलों से भी मदद मांगी गई है।
चार लापता हुए लोगों की पहचान ओइनाम रोमेन मेइतेई (45), अहनथेम दारा मेइतेई (56), थौदाम इबोम्चा मेइतेई (53) और थौदाम आनंद मेइतेई (27) के रूप में की गई है। घटना के बाद कुंभी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पिछले हफ्ते भी हुई थी गोलीबारी
इससे पहले 1 जनवरी को थौबल के लिलोंग इलाके में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस के मुताबिक झड़प में चार लोगों की मौत हो गई थी।
बता दें कि पिछले साल मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच झड़प के बाद पिछले कुछ महीनों में रुक-रुक कर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें अब तक 180 लोगों की जान जा चुकी है।
मेइतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के विरोध में राज्य के पहाड़ी जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद झड़पें हुईं। हिंसा से पहले कुकी ग्रामीणों को आरक्षित वन भूमि से बेदखल करने को लेकर तनाव था, जिसके कारण पहले भी कई आंदोलन हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications