मणिपुर: भीड़ ने मुख्यमंत्री के परिवार के खाली आवास पर किया हमला, सुरक्षाबलों ने खदेड़ा
Mob attacks Manipur CM vacant residence: मणिपुर में हालात सामान्य होने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को वहां के कई इलाकों में फिर से उग्र प्रदर्शन हुए। इस दौरान भीड़ ने मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के परिवार से जुड़े एक आवास पर हमला किया। हालांकि उस वक्त वहां पर कोई नहीं था। कुछ ही देर में सुरक्षाबलों ने उन्हें खदेड़ दिया।
दरअसल राज्य में दो छात्रों की हत्या के बाद से माहौल बिगड़ गया है। इंफाल में जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे। प्रदर्शनकारियों ने सीएम आवास की ओर मार्च निकालने की योजना बनाई है, लेकिन सुरक्षाबल के जवान उन्हें रोक रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंफाल घाटी में भारी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है।

इससे एक दिन पहले बुधवार को थौबल जिले में उग्र प्रदर्शन हुए थे। उस दौरान प्रदर्शनकारी मंडल बीजेपी कार्यलय पहुंच गए और उसके गेट को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने खिड़कियां तोड़ीं और अंदर आग लगा दी। हालांकि कुछ ही देर में सुरक्षाबल के जवान पहुंच गए और उन्हें खदेड़ा।
कर्फ्यू में दी गई छूट
कर्फ्यू को लेकर इंफाल पश्चिम के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत पाबंदियों में 6 घंटे की ढील दी जाएगी। प्रशासन के मुताबिक 29 सितंबर को सुबह 5 बजे से 11 बजे तक लोग घरों से बाहर निकल सकेंगे। इस दौरान किसी भी प्रदर्शन, रैली आदि की इजाजत नहीं रहेगी।
इंटरनेट करना पड़ा बंद
हाल ही में राज्य सरकार ने इंटरनेट पर से बैन हटाया था। जिसके बाद दो मैतेई छात्रों की हत्या के वीडियो वायरल हुए। इस घटना से सरकार हिल गई और उसने दोबारा से इंटरनेट बैन कर दिया। नए आदेश के मुताबिक 1 अक्टूबर शाम 7:45 बजे तक मोबाइल इंटरनेट पूरी तरह से बैन रहेगा। इसके अलावा राज्य के स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications