मणिपुर के कई भाजपा विधायक पीएम से मिलने पहुंचे दिल्ली, पड़ोसी राज्य से मुख्यमंत्री ने की ये अपील
Manipur Violence: मणिपुर के कई भाजपा विधायक प्रदेश में हिंसा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंचे। वहीं प्रदेश के सीएम ने मिजोरम के सीएम से मैतेई समुदाय के लोगों की सुरक्षा को लेकर बात की
Manipur Violence: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा से अपील की है कि प्रदेश में मैतेई समुदाय के लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। मिजोरम में बड़ी संख्या में मैतेई और कुकी समुदाय के लोग रहते हैं।
यहां तकरीबन 10 हजार कुकी समुदाय के लोग मणिपुर हिंसा की वजह से विस्थापित होकर पहुंचे हैं। दरअसल दर्जनों भाजपा विधायक जोकि मैतेई समुदाय के हैं वह दिल्ली पहुंचे हैं, यहां ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

इन विधायकों की पीएम मोदी से मुलाकात से पहले मणिपुर के मुख्यमंत्री ने मिजोरम के मुख्यमंत्री से मैतेई समुदाय के लोगों की सुरक्षा की अपील की है। रिपोर्ट की मानें तो मणिपुर के मुख्यमंत्री भी अगले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंच सकते हैं।
रविवार को बड़ी संख्या में इंफाल में लोगों ने पीएम मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का विरोध किया था और मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़ा किया था। प्रदर्शनकारियों ने रेडियो ट्रांजिस्टर तोड़ दिए और पीएम के विरोध में नारे लगाए। उन्होंने कहा नो मन की बात नहीं, मणिपुर की बात करिए।
मिजोरम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, मैंने मणिपुर के मुख्यमंत्री से दोपहर 12.30 बजे बात की है, यह बातचीत मणिपुर में हिंसा को लेकर हुई है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे के हल के लिए मदद मांगी है।
मैंने मणिपुर के मुख्यमंत्री को इस बात की जानकारी दी है कि हम मिजोरम के लोग मैतेई समुदाय के लोगों के सहानुभूति रखते हैं। शांति और सुरक्षा के लिए सरकार और एनजीओ की ओर से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
गौर करने वाली बात है कि मणिपुर में हिंसा की वजह से अबतक 50 हजार से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। पिछले महीने 3 मई को मणिपुर में हिंसा भड़की थी, उसके बाद से प्रदेश में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications