डर के साये में जी रहीं मणिपुर BJP अध्यक्ष, बोलीं- कल उनके घर पर हमला हुआ, बहन को पत्थर से चोट लगी
मणिपुर में आए दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कहीं दो समुदायों के बीच झड़प और हिंसा तो कहीं छात्रों का उग्र प्रदर्शन जारी है। मणिपुर सरकार ने पूरे राज्य को अशांत क्षेत्र घोषित कर दिया है। इसके अलावा सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम ( AFSPA) को 6 महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। वहीं राज्य के नागरिक ही नहीं कई नेता भी डर के साये में जी रहे हैं।
इसी क्रम में मणिपुर बीजेपी अध्यक्ष शारदा देवी ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा कि हमें मणिपुर के और भी दूसरे हिस्सों से BJP ऑफिस पर हमले होने की खबर मिल रही है। 27 सितंबर को भीड़ ने मेरे घर को घेर लिया और घर पर पत्थरबाजी की। एक पत्थर उड़कर आया और मेरी बहन को लगा, जिससे वो गंभीर रूप चोटिल हो गई।

शारदा देवी ने बताया कि अब ऐसा लग रहा है कि कहीं ये प्रदर्शनकारी मेरा घर न जला दें। वे सभी बहुत गुस्से में हैं। शारदा देवी ने कहा कि कई लोग मेरे खिलाफ अफवाह फैलाकर छात्रों को उकसाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी ने प्रदर्शनकारी छात्रों को बता दिया है कि मैंने मैती समुदाय के लोगों की मृत्यु पर निंदा की लेकिन छात्रों की मौत की निंदा नहीं की। इसलिए छात्र भड़क गए और मेरे घर पर अटैक करने की कोशिश की।
शारदा देवी ने कहा कि उकसावे में आकर उग्र भीड़ बीजेपी ऑफिस को चुन-चुनकर टारगेट कर रही है। वो भीड़ नहीं चाहती कि बीजेपी ने जो अच्छे काम किए हैं वो जारी रहें। पार्टी अध्यक्ष को जो भी करना चाहिए, मैंने वो सब किया है, एक भी काम ऐसा नहीं है जो ना किया हो।
शारदा देवी ने कहा कि सीएम बीरेन सिंह 3 मई से हिंसा को काबू में करने के लिए सारे कदम उठा रहे हैं। मिनट दर मिनट वो हर रिपोर्ट पर नजर बनाए हुए हैं। भारत सरकार और मणिपुर सरकार तालमेल के साथ काम कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications