मणिपुर भाजपा विधायकों का दिल्ली में डेरा, मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के लिए खड़ी कर दी बड़ी मुसीबत
बागी विधायक ने कहा कि हम प्रदेश सरकार के नेतृत्व से कई तरह के मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। मणिपुर में लोकतांत्रिक नेतृत्व नहीं है।

Manipur N Biren Singh: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के लिए सोमवार को नई मुश्किलें सामने आ गई हैं। बीजेपी विधायकों का एक समूह एन बीरेन सिंह के खिलाफ शिकायत लेकर दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री बदलने या फिर मंत्रिमंडल में बदलाव करने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप की मांग को लेकर नई दिल्ली में डेरा डाल दिए हैं।
द हिंदू के मुताबिक, भाजपा के पदाधिकारियों ने पुष्टि करते हुए कहा कि 10-12 विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। वे बीरेन सिंह के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे हैं। अधिकांश विधायक मुख्य रूप से कुकी समुदाय के हैं। सूत्रों का कहना है कि उनकी शिकायत का एक कारण मार्च 2023 में बीरेन सिंह सरकार द्वारा 2008 के एसओओ समझौते का निलंबन रहा है।
एक बागी विधायक ने कहा कि मणिपुर और नॉर्थ ईस्ट में बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व के चलते परचम लहराया है। लेकिन राज्य सरकार के नेतृत्व के चलते हम कुछ मुद्दों का सामना कर रहे हैं। मणिपुर में नेतृत्व लोकतांत्रिक नहीं है। एक राजशाही की तरह है और 2024 के करीब आते ही हम चाहते हैं कि इन मुद्दों को सुलझा लिया जाए।
बता दें कि मणिपुर के लंगथबल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक करम श्याम ने सोमवार को मणिपुर पर्यटन निगम के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। करन श्याम ने बीरेन सिंह को अपना इस्तीफा सौंपा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उनके पद पर कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी।
उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि मैं टूरिज्म कॉरपोरेशन ऑफ मणिपुर लिमिटेड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे रहा हूं क्योंकि मुझे चेयरमैन के तौर पर कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी। वहीं, 13 अप्रैल को भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के सलाहकार के रूप में इस्तीफा दे दिया। इन्होंने भी शिकायत की कि उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई थी।
बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि विधायकों को सुनवाई का मौका दिया जाएगा। गौरतलब है कि बीरेन सिंह मंत्रालय में दो मंत्री पद खाली हैं।
यह भी पढ़ें- AAP पंजाब के नेताओं का सिंघु बॉर्डर पर जोरदार प्रदर्शन, बलबीर सिंह समेत कई MLAs को दिल्ली में प्रवेश से रोका












Click it and Unblock the Notifications