Manipur Election: मणिपुर के करोंग में सुरक्षाबलों की गोली से शख्स की मौत का आरोप
इंफाल, 05 मार्च: विधानसभा चुनावों के तहत शनिवार को मणिपुर में दूसरे और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है। आखिरी चरण में 6 जिलों की 22 सीटों पर वोटिंग की जा रही है। इस बीच मतदान के दौरान हिंसा की खबर सामने आई है। आरोप है कि मणिपुर के सेनापति जिले के करोंग (Karong) में मतदान केंद्र पर झड़प के बीच सुरक्षा बलों की गोली से एक शख्स की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक करोंग पोलिंग बूथ पर गोली चलने की वजह से एक शख्स की मौत हो गई। सेनापति जिले के करोंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने घटना को लेकर आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर कहासुनी के बाद सुरक्षाबलों ने कथित रूप से गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई है। इधर, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि वे जिला चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मतदान संबंधी हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है। पहली घटना थौबल जिले में और दूसरी सेनापति जिले में हुई। फिलहाल मणिपुर विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में सुबह 11 बजे तक 28.19% मतदान हुआ।
Recommended Video
आपको बता दें कि दूसरे चरण की छह जिलों की 22 सीटों के लिए वोटिंग जारी है, जिसके तहत थौबल, जिरीबाम, चंदेल, उखरूल, सेनापति और तामेंगलोंग जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 300 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया है। 4,28,968 महिलाओं सहित 8,47,400 मतदाता 1,247 मतदान केंद्रों पर दो महिलाओं सहित 92 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications