मणिपुर चुनाव: पहले चरण में धीमे मतदान और लंबी कतारें से परेशान दिखे मतदाता
इंफाल, 1 मार्च: मणिपुर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सोमवार (28 फरवरी) को 38 सीटों पर वोटिंग हुई है। पहले चरण में करीब 78 फीसदी वोटिंग हुई है। कांगपोकपी सीट पर सबसे ज्यादा 83 फीसदी मतदान हुआ है। मतदाताओं ने उत्साह से वोटिंग में भाग लिया लेकिन मतदान की धीमीग गति की वजह से ज्यादातर जगहों पर लंबी कतारें देखी गईं। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

मणिपुर में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान कई बूथों पर मतदान की गति धीमी रही। मतदाताओं का कहना है कि मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी पहचान करने में काफी समय लगा। जिससे मतदाताओं को लाइन में खड़े रहकर काफी इंतजार करना पड़ा। जिससे काफी मतदाता खिन्न दिखे।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश अग्रवाल तक भी ये शिकायत पहुंची। जिस पर उन्होंने कहा कि हमें कुछ ऐसे मतदान केंद्रों के बारे में पता चला है जहां लोगों ने वोट डालने में काफी समय लगने की शिकायत की है। हमने इसका संज्ञान लिया और सुनिश्चित किया कि शाम चार बजे से पहले जो भी लोग मतदान केंद्र में आ गए है, उन सबको मतदान करने की अनुमति दी जाए।
पहले चरण में 173 उम्मीदवार
मणिपुर की जिन 38 विधानसभा सीटों पर सोमवार को मतदान हुआ है, उनमें से 29 पर्वतीय क्षेत्र की सीटें हैं। ये 29 विधानसभा सीटें इंफाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट और बिष्णुपुर जिले की हैं। बाकी नौ विधानसभा सीटें चूड़ाचंदपुर, कांगपोकपी और फेरजॉल जिले की हैं। पहले चरण में 38 विधानसभा सीटों पर 173 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत अब ईवीएम में कैद हो गई है।
मणिपुर में 5 तारीख को दूसरे चरण का मतदान
मणिपुर में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं। पहले चरण में 28 फरवरी को 38 सीटों पर वोट डाले जा चुके हैं। दूसरे चरण में 22 सीटों पर 5 मार्च को मतदान होगा। इसके बाद 10 मार्च को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि राज्य में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 21 सीटें जीतकर, एनपीपी, एनपीएफ, टीएमसी और एक निर्दलीय सदस्य के समर्थन से सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications