'पाकिस्तान को इज्जत दे भारत', मणिशंकर अय्यर की बात सुन लोग हंसे भी और उनको लताड़ा भी, जानें क्या कह रही पब्लिक
Mani Shankar Aiyar: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान पर दिए अपने विवादित बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अब ट्रोल हो रहे हैं। मणिशंकर अय्यर की आलोचना करने वाले कह रहे हैं कि उनके बयान को सुनकर हंसी आ रही है।
असल में मणिशंकर अय्यर ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि, ''भारत को पाकिस्तान की इज्जत करनी चाहिए क्योंकि पड़ोसी मुल्क के पास परमाणु बम हैं, अगर हम उन्हें इज्जत नहीं देंगे तो वे भारत पर परमाणु हमला करने की सोच सकते हैं।''

मणिशंकर अय्यर ने आगे कहा, ''भारत को ये नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी परमाणु हैं। मुझे समझ नहीं आता कि मौजूदा सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे, क्योंकि वह एक आतंकवाद है, तो आतंकवाद को खत्म करने के लिए भी चर्चा बहुत जरूरी है।''
उन्होंने आगे कहा, ''वरना, पाकिस्तान ये सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया के सामने छोटा दिखा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में कोई भी पागल इन बम का इस्तेमाल कर सकता है।''
मणिशंकर अय्यर के इन्ही बयानों को लेकर भाजपा नेता समेत देश के कई दिग्गजों ने उनकी आलोचना की है और आम यूजर्स को भी ये बयान नासमझी का एक उदाहरण लग रहा है।
मणिशंकर अय्यर के बयान पर किसने क्या कहा?
मणिशंकर अय्यर के बयान पर एक्ट्रेस और भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत ने कहा, ''क्या कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान के प्रवक्ता हैं? राहुल गांधी विदेशों में भारत के खिलाफ बोलते हैं और वही कांग्रेस चाहती है कि हम पाकिस्तान को इज्जत दें ताकि वो हम पर हमला ना करे। भारत में बैठकर पाकिस्तान के हिमायती एटम बम की गीदड़ भभकी दे रहे हैं। इस पर मुझे एटम बम की धमकी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी जी के शब्द याद आते हैं कि ''हमने क्या दिवाली के लिए रखा है?''
भाजपा सोशल मीडिया हैंडलर डॉ. ऋचा राजपूत ने कहा, ''मणिशंकर अय्यर की चुनाव में एंट्री, कह रहे हैं पाकिस्तान के पास परमाणु बम है उससे डरना चाहिए पाकिस्तान को अपनी पावर नहीं दिखानी चाहिए।''
पत्रकार विकास भदौरिया ने लिखा, ''कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की समझदारी की बात सुन कर पत्रकार भी अपनी हंसी नहीं रोक पाया, मणिशंकर अय्यर का कहना है कि भारत को पाकिस्तान का सम्मान करना चाहिए क्योंकि उसके पास एटम बम है,अगर हमने उन्हें सम्मान नहीं दिया तो वे भारत के खिलाफ एटम बम का इस्तेमाल करने के बारे में सोचेंगे।''
भाजपा नेता कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने लिखा, ''Proven Again-कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ! कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर जी आज भी 2014 से पहले के भारत में जी रहे हैं, जब भारत दुश्मनों से डरकर रहता था। अगर दुश्मन हमला कर दे तो केवल कड़ी निंदा वाली चिट्ठियां पड़ोसी देश भेजी जाती थी। आज जब पड़ोसी देश भारत के नाम से कांपता है, हमला करने से पहले 100 बार सोचता है। तो कांग्रेस के नेता बोल रेह है कि हमें डर कर रहना चाहिए।''
सोशल मीडिया एक्टिविस्ट रवि भदौरिया ने लिखा, ''पित्रोदा अंकल के बाद अब मणिशंकर अय्यर भी उतर गए मैदान में...ये सब भाजपा के स्टार प्रचारक हैं।''
पत्रकार मानक गुप्ता ने लिखा, ''मणिशंकर अय्यर जी ने क्या गलत कहा...!!पाकिस्तान का बिल्कुल ''सम्मान'' होना चाहिए। गांधी जी ने भी तो कहा था कि ''कोई एक थप्पड़ मारे तो दूसरा गाल आगे कर देना।'' अगर दूसरे गाल पर भी थप्पड़ पड़े तब क्या करना है? ये तो गांधी जी ने भी नहीं बताया था। भारत ने तय कर लिया है कि "सम्मान" कैसे करना है।''












Click it and Unblock the Notifications