‘पाकिस्तान के पास परमाणु बम, उसे इज्जत दो…’, सैम पित्रोदा के बाद अब मणिशंकर अय्यर का विवादित बयान
लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेताओं का विवादित बयान देना जारी है। सैम पित्रोदा के बाद अब मणिशंकर अय्यर ने ऐसा बयान दिया है जिससे पार्टी की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान की इजज्त करनी चाहिए, क्योंकि उनके पास परमाणु बम है।
मणिशंकर अय्यर ने कहा कि पड़ोसी मुल्क के पास परमाणु बम हैं। अय्यर ने कहा कि भारत को ये नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी परमाणु हैं। अगर हम उन्हें इज्जत नहीं देंगे तो वे भारत पर परमाणु हमला करने की सोच सकते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मणिशंकर अय्ययर कह रहे हैं,'पाकिस्तान भी एक संप्रभु मुल्क है। उनकी भी इज्जत है। उनकी इज्जत को कायम रखते हुए उनसे जितनी कड़ी बात करनी है करो, लेकिन बात तो करो। बंदूक को लेकर आप घूम रहे हो। उससे क्या हल मिला... कुछ नहीं। तनाव बढ़ता जाता है। कोई भी पागल वहां आ जाए तो क्या होगा देश का।
उनके पास एटम बम है। हमारे पास भी है। लेकिन किसी पागल ने हमारे बम को लाहौर स्टेशन में छोड़ा तो आठ सेकेंड के अंदर उसकी रेडियो एक्टिविटी अमृतसर पहुंचेगी। आप उसको इस्तेमाल करने को रोको। लेकिन आपने उससे बात की, उसको इज्जत दी तो तभी जाकर वह अपने बम के बारे में नहीं सोचेंगे। मगर आपने उसको ठुकरा दिया तो फिर क्या होगा।
दुनिया का विश्व गुरु बनना हो तो यह जरूरी है दिखाने के लिए कि जितना भी खराब हो हमारा समस्या पाकिस्तान के साथ, उसका हल निकालने के लिए हम मेहनत कर रहे है। पिछले दस साल से सारा मेहनत बंद है। मस्कुलर पॉलिसी दिखाने वाले भारत को यह नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी कहुटा (रावलपिंडी) में मसल (परमाणु बम) है।'
पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार उदित ने इस बयान को लेकर कहा, "मणिशंकर अय्यर के पास कोई आधिकारिक पद नहीं है। इसलिए, वह जो भी कहते हैं वह उनकी निजी राय है।" कांग्रेस का ऐसा कोई रुख नहीं है। कांग्रेस इस पर कुछ नहीं बोल रही है।''
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब कांग्रेस भारत में आतंकवादी भेजने वाले पाकिस्तान को इज्जत देने की बात कर रही है। कांग्रेस का हाथ आतंकवादियों एवं पाकिस्तान के साथ दिख रहा है और अब इसका एक और प्रमाण सामने आ गया।












Click it and Unblock the Notifications