कुत्ते के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल होने के बाद मेनका गाँधी ने बंद किया अपना एनिमल सेंटर
नई दिल्ली, जुलाई 10: पूर्व मंत्री और लोकसभा सांसद मेनका गांधी ने शनिवार को ट्वीट किया, दिल्ली में संजय गांधी एनिमल केयर सेंटर 1 अगस्त से पूरी तरह से बंद हो जाएगा। यह फैसला संजय गांधी एनिमल केयर सेंटर में एक कुत्ते को दो पैरा पशु चिकित्सकों द्वारा बेरहमी से पीटे जाने के कुछ दिनों बाद ये कदम उठाया गया था। दरअसल इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद सेंटर की आलोचना हो रही थी।

5 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में यह दावा नहीं किया गया कि यह घटना मेनका गांधी के केंद्र में हुई थी, लेकिन इस तरह के आऱोप लगे थे। शनिवार को जारी अपने बयान में, मेनका गांधी ने जिम्मेदारी ली और स्वीकार किया कि वीडियो वास्तव में उनके केंद्र का था और वह इसे देखकर हैरान हैं। 1980 में स्थापित यह एनिमल केयर सेंटर भारत का सबसे पुराना और दिल्ली का सबसे बड़ा ऑल-एनिमल सेंटर है।
एसजीएसीसी अध्यक्ष मेनका गांधी ने अपने बयान में कहा कि, हाल ही में नई दिल्ली स्थित संजय गांधी एनिमल केयर सेंटर (एसजीएसीसी) में एक कुत्ते को रेस्क्यू के लिए लाया गया था। पिछले एक साल में एसजीएसीसी में कोविड-19 के कारण स्टाफ कम हो गया है और यहां काम पर रखे गए दो नए पैरा-वेट कुत्ते की देखभाल कर रहे थे। यह बचाव कार्य उस समय एक खेदजनक स्थिति में पहुंच गया जब अत्यधिक दर्द से पीड़ित कुत्ता स्वाभाविक रूप से हिंसक हो गया और उसने एक पैरा-वेट को काट लिया, बदले में उसने भी इसका जवाब काफी हिंसात्मक ढंग से दिया। इसके कारण आई चोटों से कुत्ते की मौत हो गई।
मेनका गांधी ने अपने बयान में कहा, 'इस घटना ने हम सभी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया। जब से मैंने वह भयावह वीडियो देखा, तब से मैं व्यक्तिगत रूप से गुस्से से कांप रही हूं और मेरे पेट में दर्द हो रहा है। हमने तुरंत पैरा-वेट्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सेक्शन के इंचार्ज डॉक्टर को सेंटर छोड़ने का नोटिस दिया गया लेकिन यह काफी नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications