CCTV: कपल से हुई कहासुनी, फिर थप्पड़ पड़ते ही फिसला पैर और मौत के मुंह में जा गिरा शख्स
Man falls on railway track: मुंबई के सायन स्टेशन से एक दिल दहला देने वाली घटना उस वक्त सामने आई, जब चलती ट्रेन और रेलवे प्लेटफॉर्म के बीच कुचलने की वजह से एक 26 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। पूरी घटना रात के करीब 9:15 मिनट की बताई जा रही है। सीसीटीवी पर पूरा हादसा कैद हो गया।
बहस के दौरान जड़ दिया थप्पड़
शख्स रेलवे प्लेटफॉर्म पर तब गिरा, जब बहस के दौरान किसी शख्स ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। दिनेश नाम के शख्स ने सफेद शर्ट और उसी कलर की पैंट पहनी थी। इस बीच एक कपल से उसकी बहस हो गई और शीतल नाम की महिला उसे छाते से बार-बार मारती दिखी। इसके तुरंत बाद महिला के पति अविनाश ने दिनेश को जोरदार थप्पड़ मारा। जिसके बाद दिनेश का पैर फिसल गया और वो ट्रैक पर गिर गया।

पैर फिसलने से रेलवे ट्रैक पर जा गिरा
इसके बाद जैसे ही ट्रेन नजदीक आई, हैरान यात्री दिनेश को बचाने के लिए प्लेटफॉर्म के किनारे की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान दिनेश ने प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश भी की। लोगों ने ट्रेन को रोकने के लिए हाथ भी हिलाया। शीतल इस दौरान अपना छाता भी ट्रेन के सामने लहराती दिखी। लेकिन तब तक ट्रेन ने दिनेश को कुचल दिया।
ट्रैक और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा और फिर...
सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चलता है कि दिनेश ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया और ट्रेन के नीचे आने से पहले कई बार लुढ़का। इस दर्दनाक हादसे में उसने अपनी जान गंवा दी। बता दें कि दिनेश राठौड़ बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के लिए काम करते थे।
रेलवे पुलिस ने दर्ज की शिकायत
इस मामले के संबंध में रेलवे पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मौत रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। हालांकि, स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि हुई कि थप्पड़ मारे जाने के बाद दिनेश पटरी पर गिर गया। बाद में पुलिस ने कपल को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications