Nupur Sharma Row : CM ममता ने कहा, आग से नहीं खेल सकते, पैगंबर विवाद भाजपा की साजिश
नूपुर शर्मा पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान से सुर्खियों में हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी (mamata nupur sharma arrest) की मांग की।
कोलकाता, 04 जुलाई : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी (mamata nupur sharma arrest) की मांग की है। उन्होंने कहा, नूपुर को अरेस्ट करें क्योंकि आप आग से नहीं खेल सकते। सीएम ममता ने नूपुर के अब तक गिरफ्तार न होने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूरे विवाद को भाजपा की साजिश करार दिया। ममता ने कहा, नफरत की नीति, भाजपा की विभाजनकारी नीति, लोगों को बांटने की साजिश है। बता दें कि एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने वालीं नूपुर शर्मा विवादों में घिरी हुई हैं। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने पर भी नूपुर को राहत के बदले फटकार का सामना करना पड़ा है। पश्चिम बंगाल पुलिस के पास नूपुर के खिलाफ शिकायत दर्ज हो चुकी है। पूछताछ के लिए पेश न होने के कारण नूपुर के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है।

Nupur के अरेस्ट पर ममता, आग से नहीं खेल सकते
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नूपुर शर्मा से जुड़े एक सवाल पर इंडिया टुडे कॉन्क्लेव ईस्ट में सोमवार को कहा, अरेस्ट करने की मांग हो रही है क्योंकि "आप आग से नहीं खेल सकते।" बकौल ममता, वे विभाजनकारी राजनीति में विश्वास नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि "हम हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, सभी समुदायों के लिए हैं।" बता दें कि ममता से पूछा गया था कि क्या वह नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी चाहती हैं ?
Recommended Video

नूपुर के खिलाफ लुकआउट नोटिस
गौरतलब है कि कोलकाता पुलिस ने नूपुर शर्मा के नाम पर दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। पुलिस ने पैगंबर मुहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी के मामले में नूपुर को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन पेश न होने के कारण नूपुर शर्मा के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इंडियाटुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता की नारकेलडांगा पुलिस स्टेशन ने नूपुर को 20 जून को तलब किया था। एमहर्स्ट पुलिस स्टेशन में 25 जून को बुलाया गया था। हालांकि, नूपुर ने अपनी जान खतरे में बताते हुए आने में असमर्थता जताई। इसके बाद कोलकाता पुलिस की ओर से लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया ।

बीजेपी की विभाजनकारी नीति
पैगंबर मोहम्मद से जुड़े विवाद के बीच ममता बनर्जी ने चौंकाने वाला दावा किया। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "यह एक साजिश है। पूरा विवाद भगवा पार्टी की साजिश है। ऐसा करके वे लोगों के बीच फूट बढ़ा रहे हैं। यह बीजेपी की विभाजनकारी नीति है।"

Arrest Nupur : यूपी की सड़क पर जनाक्रोश
गौरतलब है कि नूपुर शर्मा के बयान से क्षुब्ध सुप्रीम कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी की थी। देश की सबसे बड़ी अदालत ने कहा था कि नूपुर को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। नूपुर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित जनसभा में इत्तेहाद-ए-मिल्लत परिषद के समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। बता दें कि नूपुर के बयान का समर्थन करने के आरोप में हत्या की वारदात महाराष्ट्र के अमरावती और राजस्थान के उदयपुर में हुई है। उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की नृशंस हत्या गला काटकर की गई। इसके अलावा अमरावती में 54 वर्षीय केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या कर दी गई थी। दोनों मामलों में एनआईए जांच हो रही है।

क्यों विवादों में हैं नूपुर शर्मा ?
बता दें कि विगत 5 जून को भारतीय जनता पार्टी ने प्रवक्ता नुपुर शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। अल्पसंख्यकों के खिलाफ कथित भड़काऊ टिप्पणी के बाद दिल्ली के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को भी निष्कासित किया गया। नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद की शादी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। बाद में विवाद गहराता देख उन्होंने कहा था कि अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वे माफी चाहती हैं। हालांकि, नूपुर ने ये भी रेखांकित किया कि उन्होंने बयान हदीस पर आधारित दिया है।












Click it and Unblock the Notifications