पांच राज्यों में मतगणना से पहले एक्टिव हुए मल्लिकार्जुन खड़गे, शीर्ष नेताओं से को दिए निर्देश
पांच राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में चुनाव के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन सभी प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से फोन पर बात की है। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी इंचार्ज और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वह प्रदेश में ही रहें और जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है उसका निर्वहन करे।
इसके साथ ही इन सभी नेताओं को निर्देश दिया गया है कि वह मतगणना पर पैनी नजर रखें। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार शनिवार को तेलंगाना पहुंचेंगे और रणदीप सुरजेवाला भोपाल पहुंचेंगे।

दरअसल कांग्रेस मतदान के बाद सरकार बनाने के किसी भी मौके को गंवाना नहीं चाहती है। वह चाहती है कि प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेता सक्रिय रहें और किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त को रोक सकें। इसी को ध्यान में रखते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने वरिष्ठ नेताओं से फोन पर बात करके निर्देश दिया है कि वह सक्रिय रहें और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
बता दें कि पांच राज्यों में चुनाव के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए हैं। जिसमे अधिकतर एग्जिट पोल तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बनने का अनुमान जता रहे हैं। जबकि राजस्थान में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद जताई गई है।
मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां एग्जिट पोल भाजपा के समर्थन में हैं, यहां एग्जिट पोल भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जता रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बात करें तो यहां एग्जिट पोल कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन भाजपा यहां पर कड़ी टक्कर दे सकती है।
बहरहाल देखने वाली बात यह है कि 3 दिसंबर को जब राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और 4 दिसंबर को मिजोरम चुनाव के नतीजे सामने आते हैं तो किस दल को बहुमत मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications