'ना इश्क में, ना प्यार में, जो मजा है पाकिस्तान की हार में', Make My Trip भारत-पाक मैच से जुड़े एड पर ट्रोल
Make My Trip advertisement on India vs Pakistan WC 2023: आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के भारत और पाकिस्तान मैच पर ट्रैवल कंपनी 'मेक माय ट्रिप' का एक विज्ञापन विवादों में आ गया है। सोशल मीडिया यूजर्स इस विज्ञापन की आलोचना कर रहे हैं।
कंपनी ने भारतीय टीम को चीयर करने के लिए भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले एक विज्ञापन प्रकाशित किया। 'मेक माय ट्रिप' ने ये विज्ञापन मैच से पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' के अहमदाबाद संस्करण को दिया था। ये विज्ञापन टीओआई के फुल पेज पर छपा था। इस विज्ञापन में पाकिस्तानी फैंस को टारगेट किया गया है।

विज्ञापन में पाकिस्तानी फैंस को टारगेट करते हुए कई खास ऑफर का जिक्र किया गया है। विज्ञापन में लिखा था, 'पाकिस्तान के फैंस को खुला निमंत्रण... प्यारे पड़ोसियों आज का दिन बहुत बड़ा है। तो हम 'अतिथि देवो भव:' का पालन करते हुए आपके लिए कुछ दिल खुश कर देने वाले ऑफर लाए हैं। ये ऑफर हैं..
अगर पाकिस्तान,
-10 विकेट या 200 रन से हारता है, तो 50% छूट
-6 विकेट या 100 रन से हारता है, तो 30% छूट
-3 विकेट या 50 रन से हारता है, तो 10% छूट।''
वीरेंद्र सहवाग ने विज्ञापन पर लिए मजे, कई यूजर्स ने की आलोचना
पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने विज्ञापन पर मजे लेते हुए ट्वीट किया। वीरेंद्र सहवाग ने विज्ञापन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ''ना इश्क में, ना प्यार में, जो मजा है पाकिस्तान की हार में। ऐसे कौन इनवाइट करता है। सही खेला है मेक माय ट्रिप''
सोशल मीडिया यूजर्स अब इस विज्ञापन के क्लिप को शेयर कर इसे 'मेक माय ट्रिप' से वापस लेने को कह रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे भद्दा और अपमानजनक बताया है।
तहसीन पूनावाला ने लिखा कि, '' ये बिल्कुल भी अच्छा विज्ञापन नहीं है। ये बहुत ही ज्यादा अनावश्यक और अवांछित है। मेरी राय में मेक माय ट्रिप को विज्ञापन वापस ले लेना चाहिए।''
एक यूजर ने लिखा, ''उम्मीद है आपकी ट्रैवल सर्विस आपके इस विज्ञापन से बेहतर होंगी।''
एक यूजर ने कहा है, ''एक भारतीय होने के नाते मैं इसके लिए हर पाकिस्तानी फैंस से माफी मांगना चाहता हूं। 'यह भारतीय मूल्यों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है।''
हालांकि अभी तक ट्रैवल कंपनी 'मेक माय ट्रिप' ने इस विज्ञापन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ऐसे हैं, जो इस विज्ञापन को पसंद कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications